
चंडीगढ़ मे मौसम ने ली करवट, लापरवाही की तो सेहत पर पड सकता है भारी
खान-पान में की जा रही लापरवाही के कारण संक्रमण का खतरा पहले से बरकरार
बच्चों पर रखे विशेष ध्यान, सुबह और शाम पहनाएं गर्म कपड़े
चंडीगढ़, 13 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब, चंडीगढ व हरियाणा बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। तापमान में आई गिरावट के साथ ही ठंडी हवाएं चलने लगी हैं जिससे ठंड बढ़ गई है। लेकिन अब भी लोग लापरवाही करते नजर आ रहे हैं। खासतौर पर सुबह और शाम को भी गर्म कपड़े की जगह कॉटन और अन्य पतले कपड़े पहने जा रहे हैं। इतना ही नहीं आइसक्रीम और ठंडी तासीर वाली चीजें लोग अब भी खा रहे हैं।
ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के दौरान की गई लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है, क्योंकि त्योहार के दौरान खान-पान में की जा रही लापरवाही के कारण संक्रमण का खतरा पहले से बरकरार है। इसलिए ठंड से बचाव को लेकर सजग रहने की जरूरत है।
बाल रोग विशेषज्ञ का कहना है कि बच्चों पर विशेष ध्यान दें। सुबह और शाम को उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं। गुनगुना पानी पिलाएं। सिर और पैर के तलवे गर्म रखें। साफ-सफाई का ध्यान रखें। जरा सी अनदेखी से बच्चे संक्रमण के शिकार आसानी से हो सकते हैं। वहीं, बच्चों को खाने के लिए ठंडा और बासी भोजन न दें। टीबी और फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश राणा का कहना है कि सांस के मरीज विशेष रूप से सावधान रहें क्योंकि दिवाली के कारण प्रदूषण का स्तर तो बढ़ा ही है साथ ही ठंड बढऩे से भी उनकी परेशानी बढऩे की आशंका बढ़ गई है। इसलिए जरूरी है कि सांस के मरीज समय से दवा का सेवन करें। ठंडी चीजों का सेवन न करें।























