
चंडीगढ़ मे आज से सर्दी मे बेघर लोगों को मिलेगी बडी राहत
तैयार हुए नाइट शेल्टर्स
चंडीगढ,1 दिसंबर (विश्ववार्ता) सिटी ब्युटीफुल चंडीगढ मे खुले आसमान में सो रहे बेघर लोगों को अब सोने के लिए नाइट शेल्टर मिल जाएंगे। नगर निगम ने नाइट शेल्टर तैयार कर दिए हैं जो कि आज शुरू हो जाएंगे। सर्दी में बेघर लोगों के लिए अस्थाई नाइट शेल्टर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से एक करोड़ 33 लाख रुपये का टेंडर निकाला गया था, लेकिन सबसे कम 1.25 करोड़ रुपये में दिया गया। नगर निगम के अनुसार इस बार शहर में सात अलग अलग स्थानों पर कुल15 नाइट शेल्टर बनाए गए हैं जो कि तीन महीनों के लिए 29 फरवरी, 2024 तक रहेंगे। इनमें से 5 नाइट शेल्टर महिलाओं के लिए होंगे और बाकी के 10 पुरुषों के लिए। यह नाइट शेल्टर पूरी तरह से फायर प्रूफ हैं।
यह नाइट शेल्टर पीजीआई, जीएमसीएच, सेक्टर-32, सेक्टर-19, सेक्टर-43 आईएसबीटी, सेक्टर-30 के साई मंदिर, सेक्टर-9, सेक्टर-16, रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य स्थानों में बनाए गए हैं।
पीजीआई व अन्य सरकारी अस्पतालों में सबसे ज्यादा नाइट शेल्टर की जरूरत होती है क्योंकि यहां पर मरीजों के तीमारदार भी हर साल सोते हैं। इसलिए यहां सबसे बड़ा नाइट शेल्टर बनाया गया है। इन अस्थाई शेल्टरों में फायर सेफ्टी के उपकरण, लाइटिंग, पीने का पानी और टॉयलेट की भी सुविधा होगी। रात को सोने वाले के लिए बिस्तर भी लगे हैं और ओढऩे के लिए रजाई का इंतजाम है। नाइट शेल्टर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगे होंगे। नगर निगम हर साल अस्थाई नाइट शेल्टर बनाती है जिसमें से आधे हर साल अधिकतर दिनों में खाली ही रहते हैं। नाइट शेल्टर में कोई भी व्यक्ति अपना पहचान पत्र जमा कराकर रात को रुक सकता है। पीजीआई के आसपास जरूरतमंदों और मरीज के तीमारदारों को रात गुजारने की सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।























