
चंडीगढ़ में मेयर चुनाव से पहले आप ने भाजपा को दिया बडा झटका
भाजपा पार्षद गुरचरणजीत काला ने थामा आप का दामन
मर्जी से जॉइन की आप कोई दवाब नहीं-गुरचरणजीत काला
चंडीगढ, 14 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ में मेयर चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए आज नामांकन भरे गए। इससे पहले राजनीतिक उठापटक चरम पर दिखी। वार्ड नंबर-20 से बीजेपी पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला ने आम आदमी पार्टी में ज्वाइनिंग कर ली है। मतलब अब तो वही बात हो गई कि एक आया-एक गया। मालूम रहे कि, हाल ही में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी का एक पार्षद तोड़ लिया था। आप पार्षद लखबीर सिंह बिल्लू ने बीजेपी जॉइन कर ली थी। जिसके बाद आम आदमी पार्टी में कुल पार्षदों की संख्या 12 ही रह गई थी। लेकिन अब बीजेपी के एक पार्षद के शामिल होने से आम आदमी पार्टी के पास फिर से कुल 13 पार्षद हो गए हैं।
भाजपा पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला ने आप का दामन थाम लिया। काला की एक वीडियो जारी हुई है जिसमें वो कह रहे हैं कि उनके ऊपर किसी का प्रेशर नहीं है। उनके परिवार को गुमराह किया गया है। जबकि बीजेपी के पार्षदों की संख्या 15 से घटकर अब 14 रह गई है। यानि मेयर चुनाव में 14 पार्षदों के रूप में कुल 14 वोट। हालांकि, बीजेपी के पास मेयर चुनाव के लिए सांसद का भी एक वोट अलग से है। मेयर चुनाव में सांसद का वोट भी पड़ता है। मसलन अभी भी मेयर चुनाव के लिए अकेले के हिसाब से सबसे ज्यादा वोट बीजेपी के पास ही हैं। ज्ञात रहे कि, मेयर का कार्यकाल एक साल का होता है। इस चुनाव में जनता वोट नहीं करती है। जनता द्वारा चुने हुए पार्षद इस चुनाव में वोट डालते हैं।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद गुरचरणजीत सिंह काला ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें वह बयान दे रहे हैं कि मैंने बीजेपी छोडक़र आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली है. मैं वार्ड नंबर – 20 से पार्षद हूं। इस फैसले के लिए मेरे ऊपर किसी भी प्रकार का दवाब नहीं है। वहीं गुरचरणजीत सिंह काला का कहना है कि मेरे परिवार को गुमराह करने की कोशिश की गई है। मेरी किडनैपिंग की बात अफवाह है। दरअसल, गुरचरणजीत सिंह काला के बेटे ने शिकायत दी थी कि पिता दो-तीन से गायब हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। बेटे का कहना था कि पिता को डरा-धमकाकर किडनैप किया गया है।
आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों पर नामांकन के समय पत्ते खोले हैं। आप ने कुलदीप कुमार टीटा को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। जबकि नेहा को सीनियर डिप्टी मेयर और पूनम को डिप्टी मेयर के लिए खड़ा किया है। तीनों ने आज नामांकन भर दिया है। बता दें कि आप के सभी पार्षद रोपड़ के एक रिसॉर्ट में मौजूद हैं, नामांकन करने वाले ये तीनों पार्षद भी वापस रोपड़ रिसॉर्ट चले जाएंगे। दरअसल, आप को डर है कि कहीं बीजेपी उसके पार्षदों में सेंधमारी न कर दे।























