
चंडीगढ़ में मेयर चुनाव आज, धारा 144 लागू, पुलिस छावनी में तब्दील इलाका
इंडिया गठबंधन और बीजेपी के बीच मुकाबला
शहर को आज मिलेगा नया मेयर, डीसी कराएंगे चुनाव, अनिल मसीह होंगे पीठासीन अधिकारी
चंडीगढ, 18 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ में नगर निगम के मेयर का आज सुबह 11.00 बजे से चुनाव होना है जिसको लेकर पूरी तरह से राजनीति गर्मागई है। भाजपा को हराने के लिए पहली बार आम आदमी पार्टी व कांग्रेस ने एक साथ आने का फैसला किया है। गठबंधन के मेयर पद के उम्मीदवार कुलदीप टीटा हैं। वहीं, भाजपा ने मनोज सोनकर को मैदान में उतारा है। मेयर के साथ सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का भी चुनाव होगा। भाजपा ने सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर कुलजीत सिंह संधू और डिप्टी मेयर के पद पर राजेंद्र शर्मा को उतारा है, जबकि गठबंधन ने सीनियर डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी और डिप्टी मेयर के पद पर कांग्रेस की निर्मला देवी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
शहर को आज को नया मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर मिल जाएगा। सीधा मुकाबला कांग्रेस-आप गठबंधन और भाजपा के बीच है। गठबंधन के पास जीत के आंकड़े हैं लेकिन भाजपा का दावा है कि मेयर वह बनाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तीनों पार्टियों ने नगर निगम दफ्तर के बाहर अपने कार्यकर्ता बुलाए हैं। मंगलवार को बवाल के बाद माना जा रहा है कि जसबीर बंटी के नामांकन वापसी की बात को लेकर भी हंगामा हो सकता है।
मेयर चुनाव में जीत का जादुई आंकड़ा 19 है। वर्तमान में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को मिलाकर गठबंधन के पास कुल 20 वोट हैं। भाजपा के पास सांसद किरण खेर का वोट मिलाकर कुल 15 वोट हैं। वीरवार को अगर कोई उलटफेर नहीं हुआ तो गठबंधन का मेयर बनना तय है। चुनाव की घोषणा के बाद से ही आम आदमी पार्टी के पार्षद रोपड़ के कीकर रिजॉर्ट में हैं। कांग्रेस के पार्षद भी बाहर हैं। कोई भी अपने पार्षदों को टूटने नहीं देना चाहता इसलिए चुनाव के लिए सभी पुलिस सुरक्षा में सीधे नगर निगम पहुंचेंगे।
नगर निगम में आज को मेयर चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी मनोनीत पार्षद अनिल मसीह को बनाया गया है। डीसी विनय प्रताप सिंह की देखरेख में चुनाव होगा। लगभग दो से ढाई घंटे के अंदर चुनाव परिणाम आ जाएंगे। मेयर चुने जाने के बाद डीसी चले जाएंगे। उसके बाद नवनियुक्त मेयर सीनियर डिप्टी मेयर का चुनाव कराया जाएगा।





















