
चंडीगढ़ में बजा मेयर चुनाव का बिगुल
पढिय़े कब होगा चुनाव, बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने शुरू किया मंथन
चंडीगढ़, 3 जनवरी (विश्ववार्ता)- चंडीगढ़ में मेयर चुनाव का बिगुल बज गया है। 12 जनवरी को नामांकन भरे जाएंगे और 17 जनवरी को सुबह 11 बजे नगर निगम भवन में चुनाव होगा. डीसी यशपाल गर्ग ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। चुनाव के लिए नामित पार्षद अमित जिंदल को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है.चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के नामों को लेकर बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में मंथन शुरू हो गया है. गुप्त बैठकों का दौर जारी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पिछले सदन की बैठक में हंगामे के बाद बीजेपी को मेयर बनने से रोकने के लिए इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आम आदमी पार्टी मेयर और डिप्टी मेयर का पद बरकरार रख सकती है, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर का पद कांग्रेस को दिया जा सकता है. क्योंकि कोई भी पार्टी अपने दम पर अपना मेयर नहीं बना सकती है। हालांकि अभी तक आप और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने खुलकर इस बात की पुष्टि नहीं की है. वहीं दूसरी तरफ बीजेपी का दावा है कि पिछली बार की तरह इस बार भी मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों पर जीत हासिल करेगी.चुनाव जीतने के लिए किसी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है.
वर्तमान में नगर निगम में मेयर का चुनाव जीतने के लिए किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं है। आप के 14, भाजपा के 14, कांग्रेस के 6 और अकाली दल का 1 पार्षद हैं। इसके अलावा मेयर के चुनाव में एक वोट सांसद किरण खेर का है, इसलिए बीजेपी के पास 15 वोट हैं लेकिन चुनाव में बहुमत 19 का है और यह जादुई संख्या किसी पार्टी के पास नहीं है. कांग्रेस ने पिछले चुनावों का बहिष्कार किया था, जिसके कारण भाजपा और आप के बीच कड़ी टक्कर के बावजूद भाजपा अपना मेयर हासिल करने में सफल रही।























