
चंडीगढ़ में तीन दिवसीय रोज फेस्टिवल की शुरुआत आज से
चंडीगढ प्रशासक पुरोहित करेगें शुरूआत, रोज फेस्टिवल में क्या होगा खास
:ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
चंडीगढ, 23 फरवरी (विश्ववार्ता)चंडीगढ़ में 52 वें रोज फेस्टिवल की शुरुआत आज से होगी। सुबह 11:00 बजे प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित इसकी शुरुआत करेंगे। इसमें आने वाले लोगों को 829 तरह के गुलाब देखने को मिलेंगे। वहीं शाम को म्यूजिकल नाइट का आनंद भी ले सकते हैं। हर साल रोज फेस्टिवल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
इनमें बच्चों के लिए रोज़ प्रिंस, रोज़ प्रिंसेस समेत फोटोग्राफी इवेंट, बेहतरीन गार्डन, डेकोरेटिव प्लांट्स आदि से जुड़ी प्रतियोगिताएं शामिल हैं, जिनका लोग खूब आनंद लेते हैं। रोज़ फेस्टिवल के सिलसिले में खाने-पीने के स्टॉल, झूले आदि लगाए गए। लेजर वैली में भी स्थापित किए गए हैं।
रोज फेस्टिवल में हर साल बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों की भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह निर्धारित स्थान पर ही वाहनों को खड़ा करें। साथ ही आम लोगों से यह आग्रह भी किया है कि सार्वजनिक परिवहन या कार पूलिंग के जरिए फेस्टिवल में पहुंचें। साथ ही चेतावनी दी है कि साइकिल ट्रैक, फुटपाथ या नो पार्किंग जोन पर वाहन खड़े किए तो वाहनों जब्त लिया जाएगा। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को पुलिस यातायात हेल्पलाइन नंबर 1073 पर संपर्क करना होगा। यह भी बताया गया है कि यातायात को देखते हुए पुलिस कुछ मार्गों पर वाहनों को प्रतिबंधित करने के साथ डायवर्ट भी कर सकती है। हर साल रोज फेस्टिवल में हजारों लोग जुटते हैं। इस बार भी काफी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
रोज फेस्टिवल में 24 फरवरी को शाम साढ़े पांच बजे पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की सूफी नाइट होगी और 25 फरवरी को प्रसिद्ध गायक अभिलिप्सा पांडा की म्यूजिक नाइट होगी। ये तीनों कार्यक्रम सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन के अंदर होंगे। इसके अलावा लेजर वैली में 24 फरवरी को शाम 6.30 बजे प्रसिद्ध पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला प्रस्तुति देंगे। 25 फरवरी को रोज फेस्टिवल के अंतिम दिन प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अंकित तिवारी अपने गीतों से शाम सजाएंगे।























