
चंडीगढ़ बुड़ैल जेल में गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर से मिला मोबाइल
जेल प्रशासन में हड़कंप, जांच शुरू
चंडीगढ़, 3 जून (विश्व वार्ता) एक तरफ जहां इन दिनों पंजाब पुलिस में सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर हड़कंप मचा हुआ है तो वहीं अब चंडीगढ़ पुलिस में भी कुछ ऐसा ही हाल हो गया है| दरअसल, सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग के चंडीगढ़ बुड़ैल जेल में बंद एक गुर्गे से मोबाइल बरामद किया गया है| बुड़ैल जेल में बंद बिश्नोई गैंग के इस गुर्गे का नाम मंजीत सिंह है| फिलहाल, मंजीत सिंह के पास से मिला मोबाइल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया और इस बाबत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है| चंडीगढ़ पुलिस सतर्क हो गई है|
बताते हैं कि, जो मोबाइल मंजीत के पास से जब्त किया गया है वह नोकिया का एक साधारण मोबाइल है| जिसे वह जेल से ऑपरेट कर रहा था। बतादें कि, मोबाइल मिलने पर थाना-49 पुलिस ने मामला दर्ज किया है|फिलहाल, मामले में हर एंगल से जाँच जारी है|























