
चंडीगढ़ नगर निगम की बजट सत्र 2024-2025 के लिए आज बैठक
शहर के कई प्रोजेक्ट्स पर होगा मंथन
चंडीगढ़, 6 मार्च (विश्ववार्ता)चंडीगढ़ नगर निगम की बजट सत्र 2024-2025 के लिए आज बैठक होगी। आम आदमी पार्टी के पार्षद और गठबंधन के मेयर कुलदीप कुमार की अध्यक्षता में यह पहली बैठक होगी। इस बैठक में करीब 2500 करोड़ रुपए का बजट पेश किया जाएगा, लेकिन इस बजट से पहले ही इस पर विवाद शुरू हो गया है।
चंडीगढ़ नगर निगम के सेक्रेटरी ने बैठक के बारे में चंडीगढ़ नगर निगम के सभी सदस्यों को ख़त लिखकर सूचना भी दे दी है. लेटर के मुताबिक 6 मार्च को सुबह 11 बजे चंडीगढ़ नगर निगम के एसेंबली हॉल में बैठक बुलाई गई है और इसमें साल 2024-25 के लिए बजट पर चर्चा की जाएगी. इसलिए सभी मौजूदा सदस्यों को बैठक के लिए निर्धारित वक्त पर मौजूद रहने के लिए कहा गया है. लंबा चले पॉलिटिकल ड्रामे और ‘सुप्रीम’ फटकार के बाद INDI गठबंधन की ओर से मेयर बने कुलदीप कुमार चंडीगढ़ नगर निगम में सुबह 11 बजे होने वाली बजट बैठक की अध्यक्षता करेंगे. केंद्र सरकार की ओर से 560 करोड़ रुपए चंडीगढ़ नगर निगम को अलॉट किए गए हैं. इन पैसों को कौन-कौन से प्रोजेक्ट्स पर खर्च किया जाना है, इसको लेकर चंडीगढ़ नगर निगम में होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी। कहा जा रहा है कि डड्डूमाजरा में डंपिंग ग्राउंड के कचरे के पहाड़ को हटाने पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।
आपको बता दें कि डड्डूमाजरा में डंपिंग ग्राउंड से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसे हटाने के लिए कई बार वादे भी किए गए लेकिन अब तक वादे बस वादे ही रह गए. वहीं बताया जा रहा है कि इस मुद्दे के साथ ही बैठक में शहर के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा की संभावना है।























