
चंडीगढ़ जिला अदालत में सांसद किरण खेर से 8 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में आज होगी सुनवाई
चंडीगढ, 22 दिसंबर (विश्ववार्ता) सांसद किरण खेर के साथ 8 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपित कारोबारी चैतन्य अग्रवाल की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका पर आज जिला अदालत में सुनवाई होगी। आरोपी चैतन्य ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई हुई थी। अदालत ने चंडीगढ़ पुलिस और सांसद किरण खेर से जवाब मांगा है। सांसद किरण खेर और पुलिस के वकील की तरफ से अपना-अपना जवाब दिया जाएगा। इसके बाद अदालत इस मामले में कोई फैसला लेगी।
फिलहाल यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी चैतन्य फरार है, पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है। जानकारी मिली है कि चैतन्य ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी कि सांसद किरण खैर और सहदेव सलारिया से उसकी जान को खतरा है। उसे सुरक्षा मुहैया करवाई जाए तो तभी हाईकोर्ट ने एक्शन लेते हुए उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए आदेश जारी कर दिया था।
वहीं बता दें कि किरण खेर अपनी शिकायत में बताया कि सांसद किरण खेर ने कहा कि चैतन्य ने उन्हें अगस्त 2023 में विभिन्न योजनाओं में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था। 3 अगस्त को सांसद ने जुहू ब्रांच के जरिए 8 करोड़ रुपए चैतन्य के पंचकुला के सेक्टर-11 स्थित आई.सी.आई.सी.आई. बैंक में आर.टी.जी.एस. किए थे। उन्होंने एक महीने के अंदर 18 फीसदी ब्याज सहित वापिस करने की बात कही थी। इसी बीच पता चला कि चैतन्य लोगों के पैसे को निवेश करने के बजाय निजी इस्तेमाल में ले रहा है। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो वह बहाने बनाने लगा। बदले में चैतन्य ने सांसद खेर को 7,44,00,000 रुपए और 6,56,00,000 रुपए के दो चेक भी दिए, जो खाते में पैसे न होने के कारण बाउंस हो गए। सांसद ने कहा कि चैतन्य ने निवेश के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की है।
सांसद किरण खेर ने 11 दिसंबर को चैतन्य के खिलाफ 8 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत एस.एस.पी. कंवरदीप को दी थी। अगले दिन 12 दिसंबर को शिकायत को जांच के लिए सेक्टर-26 थाने में भेज दिया गया। चार दिन की जांच के बाद 16 दिसंबर को सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामले की एफ.आई.आर. दर्ज करवाई।























