
चंडीगढ़ के इस सेक्टर में देर रात सनसनीखेज मामला आया सामने
पुलिस छानबीन में जुटी
चंडीगढ, 16 दिसंबर (विश्ववार्ता) सिटी ब्युटीफुल के नाम से मशहूर पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ के सेक्टर 7 से सनसनीखेज मामला सामने आया जहां एक अज्ञात व्यक्ति देर रात को घर में घुसा और महिला को ब्लैकमेल करने लगा। महिला ने जब आरोपी का विरोध किया तो वह उसे गोली मार कर फरार हो गया। महिला के हाथ में गोली लगने से वह बुरी तरह जख्मी हो गई। आस पड़ोस के लोगों ने उसे पीजीआई में दाखिल करवाया। पुलिस महिला के स्टेटमेंट लेने के लिए अस्पताल पहुंच चुकी थी। वहीं दूसरी तरफ, इलाके के सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला सेक्टर 7 में रहती है। उसका पति गुडग़ांव में जॉब करता है। रात महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान अज्ञात शख्स उसके घर में घुस आया और पीडि़त महिला को परेशान करने लगा। उसे किसी मामले को लेकर ब्लैकमेल करना चाहा लेकिन जब महिला ने विरोध किया तो अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली चलाई जो उसके हाथ में लगी और वह लहूलुहान होकर फर्श पर गिर गई।
महिला के चिल्लाने से आसपास के लोग जमा होने लगे लेकिन आरोपी इससे पहले ही वहां से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस अज्ञात की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस मामले को लेकर हर एंगल से जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस को यह भी शक है कि आरोपी महिला का जानकार भी हो सकता है जो जानता था कि महिला घर में अकेली और पति घर से बाहर है।





















