
चंडीगढ़ की जिला कोर्ट में आज खालिस्तानी आतंकी जगतार सिंह हवारा के मामले में सुनवाई
चंडीगढ,1 दिसंबर (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ की जिला कोर्ट में आज खालिस्तानी आतंकी जगतार सिंह हवारा के एक मामले में सुनवाई होनी है। 2005 में चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में हवारा के खिलाफ देश के खिलाफ साजिश रचने, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ के तहत दर्ज मुकदमे में कोर्ट उसकी सजा पर सुनवाई करेगी। हवारा के खिलाफ वर्ष 2005 में दर्ज दो आपराधिक मामलों में देश के खिलाफ जंग छेड़ने, हथियार जुटाने, दंगा भड़काने के लिए उकसाने वाला कृत्य करने और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं समेत आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम की धाराएं लगाई गईं थीं।
दिल्ली जेल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया और उसे पेश नहीं किया था। बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी हवारा को पूर्व सीएम बेअंत सिंह हत्याकांड में फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। बाद में इसे उम्रकैद में तब्दील कर दिया गया था। बता दें कि हवारा समेत अन्य आतंकियों ने 31 अगस्त 1995 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह को पंजाब सिविल सचिवालय परिसर में बम धमाके में मारा था। बाद में आतंकी हवारा अपने दो साथियों समेत बुड़ैल जेल से जनवरी 2004 में 94 फीट लंबी सुरंग खोद फरार हो गया था लेकिन बाद में सभी पकड़े गए थे।





















