
चंडीगढ़ की कालोनी नंबर 4 पर आज चलेगा बुलडोजर
कालोनी तोडऩे से पहले इलाके मे धारा 144 लागू
चंडीगढ़, 1 मई (विश्व वार्ता) चंडीगढ़ प्रशासन आज सुबह कालोनी नंबर चार को तोडऩे जा रहा है। शनिवार शाम इसका पूरा खाका तैयार कर लिया गया और प्रशासन के लाव लश्कर को तैयार रहने को कह दिया गया। प्रशासन ने कालोनी तोडऩे के लिए 2 हजार पुलिस कर्मचारी व 10 एगजीक्यूटिव मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है। कालोनी नंबर चार तोडऩे से पहले इलाके के 500 मीटर दायरे में धारा 144 लागू कर दी गई है। कालोनी तोडऩे को लेकर बीते दिनों आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन भी किया था लेकिन राजनीतिक पार्टियों की परवाह किये बिना प्रशासन का ऑपरेशन अतिक्रमण हटाओ लगातार जारी है। सेक्टर 41 ए के फलैटों पर हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीएचबी का हथौड़ा चलना शुरू हो गया तो वहीं बीते दिनों धनास की मार्बल मार्केट पर भी जेसीबी का कहर बरसा था। यहां प्रशासन ग्रीन बैल्ट बनाने की तैयारी कर रहा है। हाल ही में प्रशासन ने यहां नोटिस चिपका कर कालोनी खाली करने को कहा था।
उधर चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड ने मलोया हाऊसिंग कांप्लेक्स में अफोर्डेबल रेंटल हाऊसिंग स्कीम (एआरएचसी) के तहत शनिवार को दोपहर 1 बजे चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड के कार्यालय में चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट देबेंद्र दलाई, पीसीएस तेजदीप सिंह सैनी व एसडीएम सेट्रल के सुपरविजन में कंप्यूटराइज्ड ड्रा निकाला। इस दौरान 290 लोगों को मलोया हाऊसिंग कांप्लेक्स में स्मॉल फ्लैट अलॉट हुआ। चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड की वेबसाइट पर ड्रा का रिजल्ट अपलोड किया गया है जहां लोग अपना नाम देख सकते हैं।
चंडीगढ़ हाऊसिंग बोर्ड ने मलोया हाऊसिंग कांप्लेक्स में अफोर्डेबल रेंटल हाऊसिंग स्कीम (एआरएचसी ) के तहत 29 अप्रैल को एसडीएम ईस्ट के कार्यालय में कैंप आयोजित किया था। कैंप कालोनी नंबर 4 के सभी 658 बाशिंदों के लिए खुला था। एस्टेट ऑफिस ने यह सूची सीएचबी को उपलब्ध कराई थी। एआरएचसी के तहत 30 अप्रैल सुबह 1 बजे तक आवेदन हासिल करने का सिलसिला चला। देर रात तक सीएचबी के सभी सीनियर अफसर, चीफ एगजीक्यूटिव अफसर, सेक्रेट्री, चीफ इंजीनियर, चीफ अकाऊंट अफसर कैंप को सुपरवाइज करते रहे। सीएचबी के 100 कर्मचारी कालोनी नंबर चार के बाशिंदों को मकान दिलाने की औपचारिकताओं व कागजात लेने में जुटे रहे। सीएचबी की कई महिला अफसर जो आसपास के इलाके में रहती थी, इस काम में जुटी रही।























