
गतका में हरियाणा की टीम ने गोल्ड मेडल किया हासिल
गतका में ही हरियाणा ने सिंगल इंडिविजुअल महिला और पुरुष वर्ग में भी रजत पदक हासिल किए
चण्डीगढ़, 6 जून – हरियाणा के पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में आज गतका में हरियाणा की टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अतिरिक्त, हरियाणा ने गतका के सिंगल इंडिविजुअल महिला और पुरुष वर्ग में भी रजत पदक हासिल किए।
गतका के सिंगल स्टिक टीम इवेंट के अंडर 18 में हरियाणा की टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया। इस टीम में इंद्रजीत सिंह, कृष और जशनप्रीत सिंह शामिल थे।
इसी प्रकार, गतका के सिंगल स्टिक के इंडिविजुअल पुरुष वर्ग में वारिस प्रीत सिंह ने रजत पदक और महिला वर्ग में अर्जनीत कौर ने रजत पदक हासिल किया।
हरियाणा को मिला योगासन में गोल्ड मेडल
आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन के अंडर 18 के लडकों के वर्ग में मिला गोल्ड मेडल
चण्डीगढ़, 6 जून – हरियाणा के पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में आज हरियाणा के योग खिलाडिय़ों ने आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन के अंडर 18 के लडकों के वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया।
आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन में लडक़ों के अंडर 18 वर्ग में आज हरियाणा की टीम 120.99 अंकों के साथ प्रथम रही। इस प्रतियागिता में हरियाणा ने महाराष्ट्र की टीम को पछाड़ दिया। हरियाणा की योगासन टीम में रोहित कुमार, सागर राणा, जीतू, गौरव, प्रभात कुमार शामिल रहे।
इस वर्ग में दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र रहा, जिसने कुल 118.5 अंक प्राप्त किए और वेस्ट बंगाल ने तीसरा स्थान हासिल किया, जिसने 115.16 अंक प्राप्त किए। तमिलनाडु 112.54 अंक के साथ चौथे स्थान पर और त्रिपुरा 108.6 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
कबड्डी में हरियाणा की छोरियों का कमाल
सबसे पहले पहुंची फाइनल में – मेडल किया पक्का
पदक तालिका के शुरुआती रूझान – हरियाणा व महाराष्ट्र के बीच पहले व दूसरे स्थान के लिए लग गई है होड
चण्डीगढ़, 6 जून – हरियाणा के पंचकूला में ताऊ देवी लाल खेल परिसर में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की पदक तालिका के शुरुआती रूझानों से लगता है कि हरियाणा व महाराष्ट्र के बीच पहले व दूसरे स्थान के लिए होड लग गई है। एक के बाद एक दोनों राज्यों के खिलाड़ी पदक तालिका में अपने राज्यों का स्थान ऊपर ले जा रहे हैं।
चौथे दिन कबड्डी मैच में हरियाणा की लड़कियों ने सबसे पहले फाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने आंध्र प्रदेश को एक तरफा मुकाबले में 50-15 अंकों से हराकर हरियाणा की छोरियों ने कमाल कर दिखाया। दर्शकों ने भी हौसला अफजाई में कोई कमी नहीं छोड़ी। दूसरा सेमीफाइनल महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच होगा।
इसी प्रकार, लडक़ों के कबड्डी मैच में उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 41 के मुकाबले 37 अंकों से हराया।
लडक़ों का वॉलीबॉल का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज राजस्थान व हरियाणा और दूसरा तमिलनाडु व गुजरात के बीच होगा जबकि लड़कियों के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा व गुजरात की टक्कर होगी।





















