
कोविड-19 के बाद चीन में फिर फैली रहस्यमयी बीमारी से हर जगह हाहाकार
भारत सरकार ने जारी की एड्वाइजऱी
चंडीगढ,27 नवंबर (विश्ववार्ता ) कोरोना के बाद अब चीन में एक फेफड़ों की नई बीमारी ने हाहाकार मचाया है. इसे रहस्यमयी निमोनिया कहा जा रहा है. ये बीमारी बच्चों पर अटैक कर रही है. इसकी वजह से बच्चों को सांस से जुड़ी परेशानियां हो रही हैं. अस्पताल बच्चों से भरे पड़े हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी इस बीमारी को लेकर चिंता जताई है. Mysterious Pneumonia ने जिस तरह के हालात चीन में पैदा कर दिए हैं, उससे एक बार फिर से लोगों को कोरोना महामारी का दौर याद आ गया है।
चीन की रहस्यमयी बीमारी पर भारत सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पब्लिक हेल्थ सिस्टम को अपडेट करने के लिए कहा है।इसके अलावा किसी बड़ी बीमारी के फैलने को लेकर अस्पतालों में तैयारी करने के लिए भी कहा गया है। वहीं, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने भी चिंता जाहिर करते हुए चीन से इस बीमारी से जुड़ी जानकारी मांगी है।
बता दें, यह चिंताजनक स्थिति कोविड संकट के शुरुआती दिनों की याद दिलाती है। मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा देखकर स्वास्थ्य अधिकारियों में चिंता पैदा हो गई है। इस बीमारी से अधिकतर बच्चे शिकार हो रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी अलर्ट कर चुका है। वह पहले ही चीन से अधिक जानकारी देने को कह चुका है।
डब्ल्यूएचओ का कहना है कि पिछले तीन वर्षों की इसी अवधि की तुलना में चीन में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों में वृद्धि हुई। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि कोविड-19 उपायों को हटाने अर्थात् इन्फ्लूएंजा और सामान्य जीवाणु संक्रमण के प्रसार के कारण श्वसन संबंधी बीमारियों में वृद्धि हुई है, जो माइकोप्लाज्मा निमोनिया सहित बच्चों को प्रभावित करते हैं।























