चंडीगढ,2 अप्रैल (विश्ववार्ता): हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार से विदेशों में फंसे प्रदेशवासियों के लिए मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बीच विदेशों में फंसे हरियाणा प्रदेश के लोगों की देश वापसी के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल तुरंत केंद्र सरकार से बात करें और इनकी देश वापसी सुनिश्चित की जाए। यह बातें कुमारी सैलजा ने यहां जारी बयान में कही।
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में विदेशों में कार्यरत हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में प्रदेश के विद्यार्थी भी विदेशों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कोरोना महामारी के बीच इनमें से कई लोगों के सामने बड़ा संकट हो गया है। कोरोना महामारी से उपजे हालातों में हमारे प्रदेश के लोगों के साथ विदेशों में बुरा व्यवहार किया जा रहा है और उनका स्वास्थ्य संकट में है।
उन्होंने कहा कि इन लोगों को खाने-पीने जैसी जरूरी चीजें भी सही ढ़ंग से मुहैया नहीं कराई जा रही हैं। इन देशों में कोरोना वायरस का संक्रमण बहुत ही तेजी से बढ़ रहा हैं, इससे इन लोगों पर कोरोना वायरस से संक्रमित होने का भी खतरा मंडरा रहा है। सरकार को इन लोगों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए।
कुमारी सैलजा ने कहा कि यह लोग केंद्र और प्रदेश सरकार से बार-बार मदद की गुहार लगा कर चुके हैं।उन्होंने खुद भी विदेशों में फंसे लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल को हाल ही में ट्वीट किए हैं। लेकिन इनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं की जा रही।
उन्होंने हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से निवेदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विदेश में फंसे हुए लोगों की देश वापसी के लिए तुरंत केंद्र सरकार से बात करें और इन सभी लोगों को सुरक्षित देश वापस लाया जाए