चंडीगढ,26 नवंबर (विश्ववार्ता)केरल के कोच्चि में रात एक विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान मची भगदड़ में चार विद्यार्थियों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यहां कोचीन विश्वविद्यालय परिसर के अंदर छात्र गायिका निकिता गांधी का संगीत कार्यक्रम देखने पहुंचे थे, जो अचानक बारिश के कारण बाधित हो गया और लोग आश्रय के लिए इधर-उधर भागने लगे। भारी बारिश के दौरान जब छात्र सुरक्षित हिस्से की ओर भाग रहे थे तब मची भगदड़ में कई छात्र घायल हो गए।
दो छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोगों का कलामसेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कुछ अन्य अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। जॉर्ज ने बताया कि चार और छात्रों की हालत गंभीर है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया, “कार्यक्रम में केवल टिकट धारकों को प्रवेश की अनुमति थी। हालांकि, संगीत कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय निवासी भी सभागार के बाहर थे।” प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब अचानक बारिश शुरू हुई तो सभी दर्शक मंच की ओर दौड़ पड़े, जहां छत वाली जगह थी।