
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में CM मान, ‘आप’ नेताओं ने शहीद भगत सिंह के गांव में रखा उपवास
लोकतंत्र को नष्ट करने वालों से देश को बचाना बहुत जरूरी है-सीएम मान
आतिशी बोलीं- केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर पूरे देश में गुस्सा
चंडीगढ़, 7 अप्रैल (विश्ववार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में एक-दिवसीय अनशन के लिए शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकर कलां में एकत्र हुए। ‘आप’ ने दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं पार्टी प्रमुख केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में देशव्यापी सामूहिक उपवास का आह्वान किया था। खटकर कलां महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का पैतृक गांव है।
आज देश की तानाशाही सरकार के विरोध में और हमारे क्रांतिकारी नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खतराक कलां में विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के साथ एक दिवसीय उपवास रखा गया।
सीएम मान ने कहा- लोकतंत्र को नष्ट करने वालों से देश को बचाना बहुत जरूरी है… लोकतंत्र को बचाने के लिए बड़ी संख्या में आने के लिए आप सभी का धन्यवाद…
इन्कलाब जिंदाबाद
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर पूरे देश में गुस्सा है।” पार्टी नेताओं ने का कहना है कि इसी तरह के विरोध प्रदर्शन अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भारतीयों द्वारा भी किए जा रहे हैं, जिनमें बोस्टन में हार्वर्ड स्क्वायर, लॉस एंजिल्स में हॉलीवुड साइन, वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर, न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वायर और टोरंटो, लंदन और मेलबर्न में अन्य शामिल हैं।
केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था। वह 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं। मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा, लालजीत सिंह भुल्लर, अनमोल गगन मान और गुरुमीत सिंह खुदियां, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान तथा आनंदपुर साहिब सीट से ‘आप’ उम्मीदवार मालविंदर सिंह कंग, फतेहगढ़ साहिब से पार्टी उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह जीपी और ’आप’ की राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष बुध राम कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित थे। ‘आप’ के कुछ स्वयंसेवकों को केजरीवाल की तस्वीर लिये देखा गया, जिनमें उन्हें सलाखों के पीछे दिखाया गया है।
पूरे देश में आक्रोश है- गोपाल राय
दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा, ”जब से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी की गिरफ्तारी हुई है। तब से पूरे देश में इसके खिलाफ आक्रोश है। 21 मार्च गिरफ्तारी वाले दिन से लेकर अभी तक लोग सड़कों पर हैं, अपनी गिरफ्तारियां दे रहे हैं। आज भी देश और पूरी दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल जी के लिए सामूहिक उपवास रख रहे हैं।”























