
केंद्र की अग्निपथ योजना से मचा देश मे बवाल
हरियाणा के कई जिलों के युवा सडक़ो पर
कहा सरकार अग्निपथ योजना को वापस ले, वरना आंदोलन करेंगे
सैंकड़ों युवाओं ने सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
चंडीगढ़, 16 जून (विश्व वार्ता) केंद्र सरकार द्वारा सेना में भर्ती के लिए ‘अग्निपथ योजना’ से देश के कई राज्यो मे बवाल मच गया है और प्रदर्शन उग्र होकर बाकि राज्यो मे भी बढ रहा है। यूपी और बिहार के अलावा दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा में अग्निवीर योजना को लेकर युवा विरोध कर रहे हैं. इस दौरान हाईवे और रेल रूट बाधित होने की खबरें सामने आयी हैं. वही हरियाणा प्रदेश के कई जिलों में अग्निपथ भर्ती योजना का विरोध शुरू हो चुका है। प्रदेश के भिवानी जिले में सैंकड़ों युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। युवाओं ने इसे सरकार की मनमानी और गलत निर्णय बताया। युवाओं के समर्थन में सामाजिक संगठनों के नेता भी पहुंचे। उन्होंने युवाओं से इस लड़ाई को लडऩे में पूर्ण सहयोग का वादा किया। युवाओं ने कहा कि सरकार महज चार साल के लिए युवाओं को सेना में भर्ती कर रही है। चार साल के बाद युवा फिर से बेरोजगार हो जाएंगे। इसके बाद उन्हें दूसरी नौकरी मिलनी भी मुश्किल हो जाएगी। ऐसे में सरकार मनमानी योजनाएं लेकर आने के बजाय देश के विकास के कार्य करें, ताकि बेरोजगारी दूर हो सकें। युवाओं ने कहा कि अगर सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।























