
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज आ रहे है हरियाणा
चप्पे चप्पे पर पुलिस का कडा पहरा
चंडीगढ़, 2 नवंबर (विश्ववार्ता) हरियाणा मे कर्ण की भूमि करनाल में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सेक्टर-4 में अंत्योदय सम्मेलन में पहुंच रहे हैं। इस महासम्मेलन में हरियाणा सरकार की अलग-अलग योजनाओं से जुड़े करीब 30 हजार लाभार्थी प्रदेश के कोने-कोने से हिस्सा लेने पहुचेंगे। इसके अलावा भी प्रदेश भर से हजारों लोग इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
इसके लिए यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुर्सियों पर बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिला प्रशासन ने शहर में भीड़भाड़ व सुरक्षा को देखते हुए मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्ट भी किया है। बुधवार की शाम से ही सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में दो नवंबर को प्रस्तावित होने वाले अंत्योदय महासम्मेलन की तैयारियां तो कई दिनों से चल रही है। जिला प्रशासन के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री सुबह 11 बजे महासम्मेलन स्थल पर पहुंचेंगे।
सूचना, जनसंपर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया व संयुक्त निदेशक साहेब सिंह गोदारा ने आज बताया कि हरियाणा दिवस और प्रदेश की भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर करनाल में हो रहे अंत्योदय सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्र व राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगें।
इसमें आयुष्मान भारत-चिरायु हरियाणा, वृद्धावस्था पेंशन और परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वालों में से करीब 40 से 50 हजार लाभार्थियों को यहां बुलाया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। लाभार्थियों को आवागमन में कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपनी सरकार के नौ साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी पेश कर सकते हैं।























