
केंद्रीय गृह मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात गैंगस्टर लखबीर लांडा को घोषित किया आतंकवादी
पंजाब पुलिस खुफिया मुख्यालय पर हमले का मास्टरमाइंड है लांडा
चंडीगढ, 30 दिसंबर (विश्ववार्ता) बडी खबर सामने आ रही है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बडी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा को आतंकवादी घोषित कर दिया है। लखबीर सिंह लांडा मूल रूप से पंजाब के तरनतारण जिले का रहने वाला है लेकिन वह इस समय कनाडा में बैठा हुआ है। लांडा 2017 में कनाडा भाग गया था। जिसके बाद वह वहीं से भारत में आपराधिक साजिशें रचता रहता हैं। लखबीर लांडा खासकर पंजाब में कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल रहा है। लांडा पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का करीबी और खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) का सदस्य भी है।
लखबीर सिंह लांडा पंजाब पुलिस की नजरों में भी चढ़ा हुआ है। पंजाब में कई मामलों को लेकर पुलिस उसपर और उसके सहयोगियो पर शिंकजा कसने की कोशिश करती है। इसी साल सितंबर में ही पंजाब पुलिस ने लांडा के सहयोगियों से जुड़े 48 ठिकानों पर छापेमारी की थी। जानकारी के अनुसार पुलिस ने यह छापेमारी एक व्यापारी पर जानलेवा हमले के संबंध में की थी। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उसे किसी अनजान शख्स का फोन आया जो कि लांडा को अपना करीबी बता रहा था। इसके बाद उसने 15 लाख रुपये की मांग की थी। छापेमारी के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा भी था।
गृह मंत्रालय ने बताया कि, गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा वर्तमान में कनाडा में अल्बर्टा की राजधानी एडमॉन्टन में रह रहा है। लांडा को पाकिस्तान की आईएसआई एजेंसी का समर्थन भी प्राप्त है। जिसके चलते ही वह पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सीमा पार से अपने विभिन्न मॉड्यूलों को आईईडी जैसे विस्फोटक पदार्थ और खतरनाक हथियारों की आपूर्ति करता है। इसके अलावा ड्रग्स सप्लाई, फिरौती मांगने और टारगेट किलिंग में भी लांडा शामिल रहता है। यही लखबीर सिंह लांडा ही है जिसने साल 2021 मई में मोहाली में पंजाब पुलिस खुफिया मुख्यालय पर क्रक्कत्र हमला करवाया था। हालांकि इस हमले को किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके अलावा दिसंबर 2022 में तरनतारन के सरहाली पुलिस स्टेशन पर हुए आरपीजी हमले में भी लांडा का नाम सामने आया था।























