
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल आ रहे है चंडीगढ दौरे पर
आज होगी रिहर्सल
पूरे शहर मे चप्पे चप्पे पर पुलिस का कडा पहरा, ट्रैफिक होगा डायवर्ट
चंडीगढ, 21 दिसंबर (विश्ववार्ता) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल चंडीगढ दौरे पर आ रहे है जिसको लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे शहर मे चप्पे चप्पे पर सुरक्षा कडी कर दी है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही डीएसपी, एसएचओ और इंस्पेक्टरों समेत तीन हजार पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्स, आईटीबीपी, इंटेलिजेंस, सीआईडी विंग सहित चंडीगढ़ पुलिस विभाग के सभी आला अधिकारी तैनात होंगे।
गृहमंत्री की यात्रा के लिए रिहर्सल आज दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक होगी। इसलिए वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे ऊपर दिए गए समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। अमित शाह के आगमन पर कई सडक़ों पर ट्रैफिक बंद और डायवर्ट किया गया है।एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक आने वाली सडक़ के दोनों तरफ पुलिस जवान तैनात होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर चंडीगढ़ को चकाचक किया गया है। शहर की सडक़ों के किनारे नए फूलों वाले पौधे भी लगाए गए हैं। अमित शाह सेक्टर-17 में 88 करोड़ लागत से बनाए गए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा 44 एएसआई, 700 नव नियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। पीसीआर विंग में शामिल करने के लिए तीन करोड़ 75 लाख की खरीदी टाटा सफारी गाडिय़ों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस की आरे से एडवाइजरी जारी
केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन पर कई सडक़ों पर ट्रैफिक बंद और डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी करते हुए लोगो को दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान उक्त रास्तों पर जाने से बचने की अपील की गई है। शुक्रवार को यदि आप भी अपने वाहन से शहर की सडक़ पर निकलने वाले हैं तो दोपहर दो से पांच बजे तक और शाम को 6 से 8 बजे तक आप कुछ सडक़ों पर जाने से बचें तो बेहतर होगा। ट्रैफिक पुलिस की ओर से वीवीआईपी मूवमेंट के चलते आपको ट्रैफिक बंद या डायवर्ट मिलेगा। पुलिस ने लोगों से किया है कि वे किसी भी भीड़/असुविधा से बचने के लिए अन्य वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और यातायात की भीड़ से बचने के लिए शाम 5 बजे से पहले अपने स्थान पर पहुंचें। पुलिस ट्रैफिक पर वास्तविक समय की अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पर जानकारी देती रहेगी। पुलिस ने मेहमानों, आमंत्रित लोगों और आधिकारिक कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें। साइकिल ट्रैक/पैदल पथ और नो पार्किंग एरिया पर पार्क न करें अन्यथा कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।























