
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को वित्त मंत्रालय की मंजूरी
चंडीगढ़, 18 अक्तूबर (विश्ववार्ता) त्योहारी सीजन पर केन्द्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता पर बड़ी खुशखबरी सामने आई है. डीए फाइल को वित्त मंत्रालय की ओर से मंजूरी के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल के पास भेजा गया है. लगभग एक करोड़ कर्मचारियों और पेंशनरों को पहली जुलाई से 4 फीसदी डीए वृद्धि की सौगात मिलेगी। पिछले दिनों राष्ट्रीय परिषद (जेसीएम) स्टाफ साइड की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। अखिल भारतीय रक्षा कर्मचारी महासंघ (एआईडीईएफ) के महासचिव सी.श्रीकुमार के मुताबिक, इस बार कर्मियों का डीए 46 प्रतिशत हो जाएगा। केंद्र सरकार, डीए में चार फीसदी की बढ़ोतरी करेगी।
महंगाई भत्ते को लेकर केंद्र सरकार के कर्मियों के लिए बड़ी खबर है। वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब डीए की फाइल केंद्रीय कैबिनेट के पास पहुंच गई है। सरकार के सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट की बैठक के एजेंडे में शामिल फाइल पर अब किसी भी वक्त मुहर लग सकती है। ऐसी संभावना है कि बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते को मंजूरी मिल जाएगी। केंद्र सरकार के कर्मियों और पेंशनरों को 4 फीसदी महंगाई भत्ता/महंगाई राहत मिलने का काउंटडाउन शुरू हो गया है।





















