
कुलदीप कुमार ने संभाला चंडीगढ़ के मेयर का पद
कहा मुझे न्यायपालिक से उम्मीद थी कि हमें इंसाफ मिलेगा
हाई कोर्ट के निर्देश के बाद संभाला कार्यभार
चंडीगढ़, 28 फरवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव टलने के एक दिन बाद आखिरकार नए मेयर कुलदीप कुमार ने कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मेयर चुने जाने पर सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया, वहीं आने वाले चुनाव में भी इंसाफ मिलने की उम्मीद जताई। कहा कि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव तय प्रक्रियाओं के तहत कराया जाएगा।
चंडीगढ़ के निवनियुक्त मेयर कुलदीप कुमार का कल बेसब्री से इंतजार हो रहा था। दरअसल, चंडीगढ़ प्रशासन ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के लिए 27 फरवरी की तिथि तय की थी। लेकिन चुनाव से एक दिन पहले ही कुलदीप कुमार अचानक गायब हो गए थे। बाद में पता चला कि वे लुधियाना में अपनी बहन का हाल चाल पूछने के लिए गए हैं, जो कि हॉस्पिटल में उपचाराधीन हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि चुनाव के दिन चंडीगढ़ पहुंच जाऊंगा, लेकिन वो शाम तक नहीं पहुंचे। यही नहीं, इससे पूर्व भी कुलदीप कुमार कार्यभार संभालने से बचते रहे।
पंजाब हाई कोर्ट ने जब कल एक याचिका पर सुनवाई करते हुए कुलदीप कुमार के नाम का जिक्र किया और पूछा कि उन्होंने कार्यभार अभी तक क्यों नहीं संभाला है, तो कोर्ट को अवगत कराया गया कि वे किन्हीं कारणों से कार्यभार नहीं संभाल पाए हैं, लेकिन जल्द आकर अपनी कुर्सी संभाल लेंगे। कोर्ट ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया था कि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के लिए तमाम आपत्तियों का समाधान करते हुए नए सिरे से नोटिफिकेशन जारी करें। इसके बाद कोर्ट ने कुलदीप कुमार को 28 फरवरी को कार्यभार संभालने और 4 मार्च को चुनाव संपन्न कराने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद आज सुबह कुलदीप कुमार अपने कार्यालय पहुंचे और कार्यभार संभाल लिया
गौरतलब है कि चंडीगढ़ मेयर पद के लिए 30 जनवरी को चुनाव हुआ था। लेकिन चुनाव में पीठासीन अधिकारी अनील मसीह ने चुनाव में आठ मतपत्र विरुपित कर दिए गए। जिसके बाद कांग्रेस और आप पार्टी ने भाजपा पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया और हाई कोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट का रुख लिया। सर्वोच्च न्यायालय ने आप-कांग्रेस के समर्थन में फैसला सुनाया और पीठासीन अधिकारी को चुनाव में दोषी माना। इसके बाद उन्होंने कुलदीप कुमार की विजयी बनाया।























