
किसान आंदोलन-भारत बंद के बीच रेवाड़ी पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी
देगे कुछ ही देर मे एम्स की बडी सौगात
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता) : आज किसान संगठनो द्वारा भारत बंद का आह्वान किया गया है जिसका व्यापक असर देखनेे को मिल रहा है। वही किसान आंदोलन और भारत बंद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेवाड़ी पहुंच गए हैं। वे वहां एम्स का शिलान्यास करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी आज हरियाणा को महासौगात देने जा रहे हैं. रेवाड़ी में एम्स का शिलान्यास करने के साथ ही प्रधानमंत्री आज हरियाणा को 9750 करोड़ की महासौगात दे रहे हैं. इन परियोजनाओं में गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना आधारशिला, ज्योतिसर अनुभव केंद्र का वर्चुअली उद्घाटन के अलावा रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
हरियाणा दौरे पर पहुंचने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है “हरियाणा में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और विस्तार के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है. इसी कड़ी में आज दोपहर करीब 1.15 बजे रेवाड़ी में एम्स और गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखने के साथ ही कई और प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण और शिलान्यास का सौभाग्य मिलेगा। इनसे राज्य का स्वास्थ्य, रेल और पर्यटन सेक्टर और समृद्ध होगा।
देश भर में सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की आधारशिला रखी जा रही है। इस पर लगभग 1650 करोड़ रुपये की लागत आएगी। एम्स असो गांव माजरा मुस्तिल भालखी में 203 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।
इसमें 720 बेड वाला अस्पताल परिसर, 100 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज, 60 सीटों वाला नर्सिंग कॉलेज, 30 बिस्तरों वाला आयुष ब्लॉक, संकाय और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा, यूजी और पीजी छात्रों के लिए छात्रावास, रैन बसेरा, गेस्ट हाउस, सभागार आदि सहित कई सुविधाएं होंगी। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत स्थापित किया जा रहा है।
गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री करीब 5450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। 28.5 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली इस परियोजना में मिलेनियम सिटी सेंटर को उद्योग विहार चरण-5 से जोड़ा जाएगा और साइबर सिटी के पास मौलसारी एवेन्यू स्टेशन पर रैपिड मेट्रो रेल गुरुग्राम के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क में इसे मिला दिया जाएगा। द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी इसका विस्तार होगा।























