
किसान आंदोलन का आज 5वां दिन, भाकियू चढ़ूनी ग्रुप ने निकाला ट्रैक्टर मार्च
केंद्र को एमएसपी को कानूनी गारंटी देने पर अध्यादेश लाना चाहिए- पंधेर
चंडीगढ, 17 फरवरी (विश्ववार्ता) किसान आंदोलन का आज को 5वां दिन है। पंजाब के किसान दिल्ली जाने की जिद को लेकर शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस आंदोलन के दौरान हार्ट अटैक से एक किसान और दम घुटने से एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो चुकी है।
पिहोवा में गुरनाम सिंह चढूनी ने ट्रैक्टर मार्च की अगुवाई की। चढ़ूनी ने खुद ट्रैक्टर चलाकर मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे किसानों की मांगें जायज हैं जिन्हें सरकार को तत्काल मान लेनी चाहिए। किसान संयम बनाए हुए हैं, लेकिन सरकार को भी गंभीरता दिखाने की जरूरत है। रविवार को कुरुक्षेत्र में अहम पंचायत होगी, जिसमें आगे का फैसला लिया जाएगा। इस पंचायत की व्याप्क स्तर पर तैयारी की जा रही है। पंधेर बोले-सरकार एमएसपी पर अध्यादेश लाए
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने पंजाब-हरियाणा शंभू सीमा पर पत्रकारों से बातचीत की। केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक से एक दिन पहले पंधेर ने कहा कि केंद्र को एमएसपी को कानूनी गारंटी देने पर अध्यादेश लाना चाहिए। सरकार ने 23 फसलों के लिए एमएसपी की घोषणा की, लेकिन केवल 2-3 फसलें खरीदीं। हम पहले कदम के रूप में कॉरपोरेट्स द्वारा फसलों की खरीद में लूट को खत्म करना चाहते हैं। मेरा मानना है कि अगर सरकार गंभीरता से उपभोक्ता और उत्पादक पर ध्यान केंद्रित करे और कॉरपोरेट पर थोड़ा कम ध्यान दे तो इस पूरे मुद्दे को सुलझाया जा सकता है।





















