
किसान आंदोलन का आज दूसरा दिन, शंभू बॉर्डर पर जारी है भीषण बवाल
आज भी लगेगा जाम! दिल्ली से कितने दूर हैं किसान
चंडीगढ, 14 फरवरी (विश्ववार्ता) किसान एमएसपी पर गांरटी, ऋण माफी, किसानों को पेंशन, किसानों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने सहित 16 प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हैं। आज आंदोलन का दूसरा िदन है, कल सुबह से ही शंभू बॉर्डर पर किसानों और हरियाणा पुलिस के बीच महासंग्राम देखने को मिला। किसान बार- बार दिल्ली की तरफ बढऩे की कोशिश कर रहे थे लेकिन पुलिस और रैपिड फोर्स के जवान आंसू गैस के गोले दागकर उन्हें तितर-बितर कर रहे थे। पुलिस और किसानों के बीच पूरे दिन हुई झड़प में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर किसानों का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला
आज भी लग सकता है दिल्ली में जाम
किसानों के दिल्ली कूच के कारण राजधानी के सभी बॉर्डरों को सील कर दिया गया है। जिसके कारण कल दोपहर बाद से ही कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई थी। वहीं शाम होते- होते दिल्ली- नोएडा के रास्तों पर गाडिय़ों की लंबी कतार दिखने लगी थी और रात तक कई रास्तों पर भयंकर जाम लग गया था। ऐसे में मंगलवार को दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त कानून एवं व्यवस्था रविंद्र सिंह यादव ने कहा कि आज किसान दिल्ली में दाखिल नहीं हो पाए। ऐसे ही अगर बुधवार को भी किसानों की एंट्री दिल्ली में नहीं हुई तो गुरुवार से ट्रैफिक को खोल दिया जाएगा।
हालांकि बता दें कि किसान आज भी दिल्ली में घुसने की कोशिश करेंगे। ऐसे में आज भी कई रास्तों पर जाम की स्थिति बन सकती है।
किसानों के दिल्ली कूच के एलान के पहले दिन मंगलवार को खूब हंगामा हुआ। किसानों ने शंभू बॉर्डर पार करने का प्रयास किया तो रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और रबड़ की गोलियां दागी। इस दौरान अंबाला कैंट के डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी और किसान घायल हो गए।
यूं चला घटनाक्रम
10 बजे: किसानों ने दिल्ली की ओर कूच किया। इससे पहले दप्पड़-लहरी-लालडू में चंडीगढ़-अंबाला नेशनल हाईवे के किनारे श्री गुरुद्वारा साहिब के बाहर किसान नेता अपने ट्रैक्टरों के साथ एकजुट हुए। गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक कर और लंगर छक कर दिल्ली के लिए रवाना हुए।
12 बजे: किसान आंदोलनकारी शंभू बॉर्डर पर पहुंचे। जहां हरियाणा पुलिस ने पांच से छह स्तर की बैरिकेडिंग कर रखी थी।
12 से दो बजे: पुलिस ने किसानों को रुकने के लिए कहा, नहीं मानने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद ड्रोन का इस्तेमाल कर भी आंसू गैस के गोले फेंके गए। जवाब में किसानों ने भी पथराव किया।
3 बजे: पुलिस ने किसानों पर रबर की गोलियां चलाईं। चार घंटे में करीब 80 आंसू गैस के गोले दागे गए।
4 बजे: किसानों ने पहली बैरिकेडिंग हटाई। हालात बेकाबू होते देख हरियाणा पुलिस और अधैसैनिक बलों की टुकड़ी ने शम्भू बॉर्डर पर करीब 18 किसान आंदोलनकारियों को पकड़ा। इनमें बुजुर्ग और युवा आंदोलनकारी दोनों शामिल थे।
शाम 5 बजे: पंजाब से लगभग ढाई हजार किसान शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है। तनाव की स्थिति बनी हुई है।




















