
किसान आंदोलन का असर सब्जियों के रेट पर दिखना हुआ शुरू
चंडीगढ, 16 फरवरी (विश्ववार्ता) एमएसपी गारंटी कानून समेत कई मांगों को लेकर किसान आंदोलित हैं और दिल्ली के लिए आगे बढ़ रहे हैं।किसानों को रोकने के लिए पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की सीमाओं को बंद किया गया है. हाइवे पर कंक्रीट के बेरीकेडिंग लगाई गई है और कई इलाकों में धारा 144 भी लागू की गई है. ऐसे में मंडियों में सब्जियों और फलों की आवक पर प्रतिकूल असर देखा जा रहा है।
पंजाब से आ रहे किसानों के दिल्ली कूच को लेकर अब आमजन की खाने-पीने की चीजों की सप्लाई पर भी असर पड़ना शुरू हो गया है। पंजाब से आने वाला आलू, मटर, किन्नू और आजादपुर सब्जी मंडी से आने वाली कुछ सब्जियां भी रोहतक मंडी में नहीं पहुंच रही हैं। गुजरात से आने वाले टमाटर के लिए ट्रांसपोर्ट वाले गुजरात जाने से मना कर रहे हैं। इसके चलते सब्जी मंडी में टमाटर का सिर्फ शुक्रवार का ही स्टॉक बचा हुआ है। फिलहाल स्थानीय स्तर पर पहुंच रहे टमाटर से ही काम चलाना पड़ रहा है। अगर किसानों का आंदोलन इसी तरह चलता रहा तो सब्जियों के दामों में भी भारी उछाल हो सकता है।
हर वर्ग पर अब इस आंदोलन का असर देखने को मिल रहा है, वही अंबाला की सब्जी मंडी में भी रास्ता बंद होने की वजह से सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जनता की माने तो इन दिनो सब्जियों के दामों में काफी उछाल देखने को मिला है, लोगो का कहना है की ऐसे में वे लोग खाएंगे क्या और बताएंगे क्या? वे लोग महंगी सब्जियां खरीदने को मजबूर है।





















