
किसानों की केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक रही बेनतीजा
आज दिल्ली कूच करेंगे पंजाब के किसान, राजधानी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की एंट्री पर रोक
किसानों के प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर पूरे दिल्ली में धारा 144 लागू
किसानों की ये है प्रमुख मांगें
चंडीगढ, 13 फरवरी (विश्ववार्ता) संयुक्त किसान मोर्चा आज अपनी मांगो को लेकर दिल्ली कूच करेगा। पंजाब के किसान 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे। सोमवार को चंडीगढ़ में तीन केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बैठक बेनतीजा रही। सूत्रों के अनुसार बैठक में किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुई एफआईआर और अन्य मामले वापस लेने पर सहमति बन गई थी। वहीं किसानों के सभी प्रकार के लोन और कर्ज माफी पर पेंच फंसा हुआ था। इसके लिए दिल्ली चलो मार्च का एलान किया गया है पंजाब से लगभग 1500 से 2000 ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य वाहनों से किसान धरना प्रदर्शन करने आ रहे हैं। मार्च को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने भी तमाम इंतजाम कर लिए हैं. हरियाणा और पंजाब के शंभू, खनौरी समेत सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। अब दिल्ली पुलिस भी एक्शन में आ गई है. इस कड़ी में दिल्ली पुलिस की तरफ से सिंघु बॉर्डर पर रात भर तैयारी की गई।
सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर कंटीले तारों के अलावा कंक्रीट के ब्लॉक, बैरिकेड्स, सडक़ पर कीलें और दूसरे अवरोधक लगाए गए हैं। हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। दिल्ली में धारा 144 लगाई गई है। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उधर, आंदोलन खत्म करने के लिए सोमवार को किसान नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों की चंडीगढ़ में दूसरे दौर की बैठक भी होगी।
किसानों की ओर से 2020 जैसा आंदोलन खड़ा करने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ज्यादा सतर्क हो गई है। सिंघु बॉर्डर पर पुलिस ने अस्थायी कार्यालय और कंट्रोल रूम बनाने के अलावा करीब एक किमी के दायरे में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। ड्रोन की मदद से क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। सीमाओं पर अद्र्धसैनिक बलों की 16 कंपनियों समेत 5,000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। मंगलवार को सिंघु के साथ ही टीकरी बॉर्डर को पूरी तरह सील रखने की तैयारी है। अप्सरा, भोपुरा, आनंद विहार, चिल्ला के अलावा बदरपुर बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने हरियाणा व यूपी से लगने वाली सीमाओं का दौरा किया।
मार्च के लिए विशेष ट्रैक्टर तैयार
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों ने दिल्ली मार्च के लिए विशेष तरह के ट्रैक्टर तैयार किए हैं। इन पर हाइड्रॉलिक लगे हैं, जो बैरिकेड और बोल्डर हटाने में सक्षम हैं। पंजाब, यूपी हरियाणा व दिल्ली सरकार को अलर्ट करते हुए एजेंसियों ने कहा है कि पंजाब-हरियाणा की अलग-अलग जगहों से एक साथ 25,000 से अधिक किसान 5,000 ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली के लिए निकलेंगे।
दिल्ली पुलिस द्वार जारी किया गया देखें पत्र
किसान 2021 में अपना आंदोलन वापस लेने के लिए जिन शर्तों पर राजी हुए थे उनमें से एक एमएसपी की गारंटी को लेकर कानून बनाना थी। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रविवार को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगती शहर की सीमाओं का दौरा किया। इस बीच, पूरे दिल्ली में कानून व व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू की कर दी गई है।
किसानों की ये प्रमुख मांगें
स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार सभी फसलों की एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग
किसानों और खेत मजदूरों की कर्जमाफी की मांग
लखीमपुर खीरी में जान गंवाने वाले किसानों को इंसाफ और आशीष मिश्रा की जमानत रद्द कर सभी दोषियों को सजा की मांग
लखीमपुर खीरी कांड में घायल सभी किसानों को वादे के मुताबिक 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग
किसान आंदोलन के दौरान दर्ज केस रद्द करने की मांग
पिछले आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के आश्रितों को नौकरी
200 दिन मनरेगा की दिहाड़ी मिले
700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी की मांग
फसल बीमा सरकार खुद करे
किसान और मजदूर को 60 साल होने पर 10 हजार रुपये महीना मिले
विश्व व्यापार संगठन से खेती को बाहर किया जाए




















