
किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू,पंजाब में कई स्थानों पर ट्रैक जाम
किसान आंदोलन-2 का आज 26वां दिन
हरियाणा में किसान नेता नजरबंद
चंडीगढ, 10 मार्च (विश्ववार्ता) किसान आंदोलन-2 का आज 9 मार्च को 26वां दिन है। आज देश भर में रेल रोको अभियान शुरू हो गया है।शंभू बॉर्डर पर किसान नेता रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। मोहाली रेलवे स्टेशन पर भी रेल ट्रैक पर किसान मौजूद हैं। ऐसा ही नजारा सरसिनी रेलवे ट्रैक पर भी देखने को मिल रहा है। हालांकि अंबाला के मोहड़ा रेलवे ट्रैक पर किसान नहीं पहुंचे हैं। यहां पर भारी पुलिस बल तैनात है।
किसान आंदोलन के 26वें दिन संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का कुछ फसलों पर एमएसपी देने के बयान को पूरी तरह से भ्रामक बताते हुए कहा कि यह वही प्रस्ताव है जिसे पिछली बैठक में किसान नेताओं ने आंदोलन की मुख्य मांग के विपरीत बताकर खारिज कर दिया था। वही हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को चेतावनी दी है कि अगर प्रदर्शन मे शामिल हुए तो उन पर बनती कार्रवाई की जायेगी।
हरियाणा के सिरसा के किसान नेता मिठू सिंह ने अपने फेसबुक के माध्यम से जानकारी दी कि उन्हें पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। मिठू कंबोज ने वीडियो जारी कर बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने आज 12 से चार बजे तक पूरे देश में रेल रोकने का आह्वान किया था। डबवाली में भी हरियाणा किसान एकता डबवाली के बैनर तले रेले रोकना था। मगर पुलिस ने सुबह ही घर में नजरबंद कर दिया। उधर, सिरसा में पुलिस बल, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को तैनात किया गया है।
एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत किसान रविवार को पंजाब में 61 स्थानों पर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ट्रेनें रोक कर प्रदर्शन करेंगे। वहीं हरियाणा में पांच जगह पर ट्रेनें रोकी जाएंगी। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि रेल रोको आंदोलन का असर पंजाब के अलावा देश के बाकी राज्यों उत्तरप्रदेश, बिहार, केरल, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु व आंध्रप्रदेश में भी देखने को मिलेगा।
भारतीय किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने केंद्र सरकार की ओर से पांच फसलों कपास, मक्का के अलावा अरहर, मसूर व उड़द की दालों पर पांच सालों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी देने के फैसले को खारिज कर दिया है। अमृतसर में किसान देवीदासपुरा, मजीठा, रईया, कत्थूनंगल, जैंतीपुर, कोटला गुजरां, पंधेर फाटक और जहांगीर में रेल ट्रैक में धरना देंगे। भाकियू डल्लेवाल की ओर से गांव वल्ला के पास रेलवे फाटक पर रेल यातायात रोका जाएगा।























