
कार्मल कान्वेंट स्कूल हादसा: हाईकोर्ट ने चंडीगढ प्रशासन को लगाई कडी फटकार
चंडीगढ़, 2 अगस्त (विश्ववार्ता) कार्मल कान्वेंट स्कूल में हेरिटेज पेड़ गिरने से हुए हादसे में छात्रा की मौत मामले में पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने यूटी प्रशासन को कडी फटकार लगाई। मामले में प्रशासन ने हलफनामे के जरिये पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में जवाब दाखिल किया। हलफनामे में शहर में स्थित हेरिटेज पेड़ों की मेंटेनेंस के बारे में जानकारी न होने पर अदालत ने तल्ख टिप्पणी की। प्रशासन को फटकार लगाते हुए कोर्ट ने कहा कि आंखों में धूल झोंकने का प्रयास न किया जाए।
याचिका दाखिल करते हुए एडवोकेट कुनाल मुलवानी ने हाई कोर्ट को बताया था कि 8 जुलाई को कार्मल कान्वेंट स्कूल सेक्टर -9 में वृक्ष की एक डाल टूट कर बच्चों पर गिर गई और इसके चलते 9वीं कक्षा में पढऩे वाली 15 साल की छात्रा को जान गंवानी पड़ी। इसके साथ ही एक बच्ची को बाजू गंवानी पड़ी और कई अन्य घायल हो गईं। याची ने मांग की है कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है इसकी जांच हाई कोर्ट के वर्तमान जज को सौंपी जाए।























