कांग्रेस ने मोदी सरकार की ‘विफलताओं’ के खिलाफ जारी किया ‘ब्लैक पेपर’
चंडीगढ, 8 फरवरी (विश्ववार्ता)कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की 10 साल की ‘विफलताओं’ को जनता के समक्ष उजागर करने के मकसद से बृहस्पतिवार को एक ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया। पार्टी ने इस ‘ब्लैक पेपर’ में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा, महिलाओं की स्थिति और कई अन्य मुद्दों पर सरकार पर विफल रहने का आरोप लगाया है। उसने इसे ‘10 साल, अन्याय काल’ नाम दिया है।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया और कहा कि देश को आजाद कराने वाली कांग्रेस 2024 में देश को भाजपा के ‘अन्याय के अंधकार’ से बाहर निकालेगी। कांग्रेस ने यह ब्लैक पेपर ऐसे समय जारी किया है जब सरकार ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के 10 साल के कार्यकाल पर एक श्वेत पत्र जारी करने की घोषणा की है। खरगे ने सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर उनकी विफलतायें छिपाने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसे में इस सरकार के खिलाफ ब्लैक पेपर लाने का फैसला किया गया।
























