
कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की आठवीं लिस्ट
कांग्रेस ने किया 4 राज्यों के 14 प्रत्याशियों का ऐलान
लोकसभा चुनाव के लिए अब तक कर चुकी है कांग्रेस 208 उम्मीदवारों की घोषणा
नई दिल्ली 27 मार्च (विश्ववार्ता) लोकसभा चुनाव के मध्य नजर बुधवार को कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी की, जिसमें चार राज्यों के कुल 14 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। झारखंड व मध्य प्रदेश की तीन-तीन सीटों व तेलंगाना और उत्तर प्रदेश की चार-चार सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया।
कांग्रेस ने 4 राज्यों के 14 प्रत्याशियों का ऐलान किया है। इसमें मध्य प्रदेश के गुना में ज्योतिरादित्य के सामने राव यादवेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं विदिशा में शिवराज सिंह चौहान के सामने प्रताप भानु शर्मा को टिकट दिया है। पार्टी अब तक 209 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है।
वहीं, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से सुप्रिया श्रीनेत का टिकट काट दिया है। 2019 में उन्होंने यहां से चुनाव लड़ा था, पर हार गई थीं। इस साल कांग्रेस ने इस सीट से वीरेंद्र चौधरी को उतारा है। फिलहाल सामने नहीं आया है कि पार्टी ने श्रीनेत का टिकट क्यों काटा है। हालांकि, इसे कंगना रनोट पर विवादित पोस्ट करने की कॉन्ट्रोवर्सी से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 208 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इससे पहले उसने सात अलग-अलग सूची जारी करके कुल 194 उम्मीदवार घोषित किए थे। देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे। इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। लोकसभा के 543 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता 10.5 लाख मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतगणना चार जून को होगी।
























