
कांग्रेस ने किया देशभर में 25 लाख रुपये तक नि:शुल्क इलाज का वादा
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (विश्ववार्ता) कांग्रेस ने आज लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र का एलान कर दिया है। अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस ने जातियों और उप-जातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की गणना के लिए जातीय जनगणना कराने का वादा किया है। साथ ही पार्टी ने दलित, आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण की सीमा 50 फीसदी से ज्यादा करने के लिए संविधान में संशोधन करने का भी एलान किया है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में ये भी वादा किया है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में 10 फीसदी आरक्षण सभी जातियों और वर्गों के लिए बिना किसी भेदभाव के लागू किया जाएगा।
न्याय के पांच स्तंभ कहे जाने वाले घोषणापत्र में मतदाताओं को पार्टी के आश्वासनों के साथ-साथ ‘युवा न्याय’, ‘नारी न्याय’, ‘किसान न्याय’, ‘श्रमिक न्याय’ और ‘हिस्सेदारी न्याय’ को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने देशभर में 25 लाख रुपये तक नि:शुल्क इलाज के लिए कैशलेस बीमा योजना देने का वादा किया।
फोकस में युवा सशक्तिकरण
उल्लेखनीय बात यह है कि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपने चुनावी अभियान के तहत परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ कड़े कदम उठाने के प्रस्ताव के साथ-साथ युवाओं को ‘रोजगार का अधिकार’ देने का वादा करने के लिए तैयार है।
कांग्रेस ने ‘श्रमिक न्याय’ के तहत मजदूरों को स्वास्थ्य का अधिकार देने, न्यूनतम मजूदरी 400 रुपये प्रतिदिन सुनिश्चित करने और शहरी रोजगार गारंटी का वादा किया है। उसने ‘नारी न्याय’ के अंतर्गत ‘महालक्ष्मी’ गारंटी के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को एक-एक लाख रुपये प्रति वर्ष देने समेत कई वादे किए हैं। इसके अगले दिन जयपुर एवं हैदराबाद में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी जिनमें पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे। जयपुर में आयोजित घोषणापत्र संबंधी रैली को कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा संबोधित करेंगी। हैदराबाद में घोषणापत्र संबंधी जनसभा को राहुल गांधी संबोधित करेंगे।
LIVE: Congress party Manifesto launch for 2024 Lok Sabha elections | Haath Badlega Halaat https://t.co/QqE0551ssj
— Congress (@INCIndia) April 5, 2024























