
किसान आंदोलन का आज 19वां दिन
कल शुभकरण की अंतिम अरदास के बाद लेंगे दिल्ली कूच का फैसला : पंधेर
शंभू बॉर्डर पर केरल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी कुछ किसान नेता पहुंचे
चंडीगढ़, 2 मार्च (विश्ववार्ता) हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर एमएसपी सहित अन्य मांगों को लेकर 13 फरवरी से शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन जारी है। किसानों के आंदोलन का आज 19 वां दिन हो गया है लेकिन सरकार अभी भी कोई ध्यान नहीं दे रही।
गत दिनों शुभकरण सिंह की मौत के बाद से किसानों ने दिल्ली कूच का फैसला 29 फरवरी तक टाला था। 29 फरवरी को किसानों के आलाकमान के द्वारा लिए जाने वाले फैसले पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं लेकिन 29 फरवरी को भी किसानों के दिल्ली कूच को लेकर कोई नई घोषणा नहीं की गई।
ये बोले किसान नेता
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर और जगजीत डल्लेवान ने कहा कि युवा किसान शुभकरण की आत्मिक शांति के लिए 3 मार्च को अंतिम अरदास की जाएगी। उसके बाद ही अब आगे का फैसला लिया जाएगा। उधर, संयुक्त किसान मोर्चा (स््यरू) की 6 सदस्यीय कोआर्डिनेशन कमेटी ने संयुक्त किसान मोर्चा (गैरराजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (स््यरू) से तालमेल करना शुरू कर दिया है। दोनों कमेटी की शुक्रवार को बैठक होगी।
वहीं किसान नेता जगजीत डल्लेवाल का कहना है कि सरकार कोई सुध नहीं ले रही। युवा किसान शुभकरण सरकार के अत्याचार का मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति तक दे गया। सरकार ने किसानों के दबाव में आकर शुभकरण को शहीद करार दिया। ऑफ सीजन में गन्ने का मूल्य बढ़ाना पड़ा। सरकार को कर्ज पर ब्याज और पेनल्टी माफ करनी पड़ी।
रविवार को बठिंडा के गांव बल्लो में शुभकरण की अंतिम अरदास के मौके पर सरवण सिंह पंधेर व जगजीत सिंह डल्लेवाल औपचारिक एलान करेंगे। उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों से वहां पहुंचने की अपील की है। किसानों ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने आंसू गैस के गोले फेंकने के लिए इजरायल से मंगवाए गए ड्रोनों का इस्तेमाल किया है। किसानों ने साफ किया कि जब तक एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा बढ़ रहा है। शुक्रवार को शंभू बॉर्डर पर केरल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी कुछ किसान नेता पहुंचे। शंभू बॉर्डर पर करीब चार से पांच किलोमीटर तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का काफिला लगा है, जिनमें किसान अस्थायी ठहराव बनाकर रह रहे हैं। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी टोलियों में आ रही हैं। किसानों के लिए आसपास के गांवों से लोग लंगर ला रहे हैं। विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियां भी दिन-रात शंभू बॉर्डर पर लंगर लगा रही हैं।























