ऐलान से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला: भाजपा
चंडीगढ़, 6 फरवरी(विश्व वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा से पार्टी के भविष्य पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला, जो पहले से ही अंधेरे में है।
राहुल गांधी द्वारा आज किए गए ऐलान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले से ही कुप्रबंधन, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और आंतरिक विवादों के कारण बुरे हालातों का सामना कर रही है और अब इसे कोई चमत्कार भी नहीं बचा सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अंधेरे में खो गई है और मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने से पार्टी का भविष्य नहीं बदल सकता। इस क्रम में, आज के ऐलान के बाद पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह और तेज हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि न केवल विपक्षी दल, बल्कि कांग्रेस के कुछ नेता भी अब खुलकर कह रहे हैं कि सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। ऐसे में किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश करना पार्टी के उन पापों को धो नहीं सकता, जो इन्होंने पिछले वर्षों के दौरान किए हैं।






















