
एसवाईएल मुद्दे को लेकर हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने पंजाब सीएम मान से की बातचीत की पेशकश
राज्य का पानी किसी भी कीमत पर किसी दूसरे राज्य को नहीं दिया जाएगा-CM भगवंत मान
चंडीगढ़, 17 अक्तूबर (विश्ववार्ता) सतलुज-यमुना लिंक के मुद्दे को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पंजाब के सी.एम. भगवंत मान से बातचीत करने की पेशकश की है। इसी कड़ी में अब हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को एसवाईएल पर एक पत्र लिखा है। हरियाणा डीपीआर ने इसकी जानकारी दी है। पंजाब सरकार का कहना है कि राज्य का पानी किसी भी कीमत पर किसी दूसरे राज्य को नहीं दिया जाएगा। आपको बता दें कि पंजाब के सभी नेताओं और पार्टियों ने इस बात पर जोर दिया था कि पंजाब के पास किसी अन्य राज्य को देने के लिए अतिरिक्त पानी नहीं है।
डीपीआर ने बताया कि, सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) हरियाणा का हक है और इसके लिए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल हर संभव कदम उठा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की पुरजोर तरीके से पैरवी करने के बाद अब सीएम ने अपने समकक्ष पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा है। सीएम ने स्पष्ट किया कि वे एसवाईएल नहर के निर्माण के रास्ते में आने वाली किसी भी बाधा या मुद्दे को हल करने के लिए उनसे मिलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा है कि हरियाणा का प्रत्येक नागरिक पंजाब के हिस्से में एसवाईएल के निर्माण के शीघ्र पूरा होने की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहा है।























