एसजीपीसी ने फर्जी अकाउंट मामले में एक्स (ट्विटर) को कानूनी नोटिस भेजा
चंडीगढ, 12 जनवरी (विश्ववार्ता)शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने एसजीपीसी के नाम पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के ऊपर चल रहे फर्जी अकाउंट को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसे लेकर एसजीपीसी ने एक्स को कानूनी नोटिस भेजा है। यह कानूनी नोटिस 20 नवंबर 2023 को हुई एसजीपीसी की आंतरिक कमेटी की बैठक के फैसले के अनुसार एसजीपीसी के कानूनी सलाहकार एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली की ओर से भेजा गया है।
। इसके बाद एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी कमेटी की बैठक में एक्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दे दी। शिरोमणि कमेटी के सचिव ने कहा कि इस फर्जी अकाउंट पर एसजीपीसी और सिख समुदाय के खिलाफ नफरत भरा प्रचार किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
सिख समुदाय के खिलाफ डाले जा रहे घृणास्पद पोस्ट
गौरतलब है कि शिरोमणि कमेटी का आधिकारिक एक्स अकाउंट @SGPCAmirtsar है जबकि शरारती लोगों ने एक पैरोडी अकाउंट @SGPCAmirtsar_ बनाया है और संगठन और सिख समुदाय के खिलाफ घृणास्पद पोस्ट डाले जा रहे हैं। इस फर्जी अकाउंट पर एसजीपीसी के आधिकारिक लोगो में शामिल धार्मिक प्रतीकों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है।