
एमसीएम ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के लाइव कार्यक्रम में भाग लिया
चंडीगढ, 13 सिंतबर (विश्ववार्ता) मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन, चंडीगढ़ के विक्ट्री अगेंस्ट ड्रग एब्यूज (वीएडीए) क्लब ने कॉलेज के एनसीसी (नेवल विंग और आर्मी विंग) के सहयोग से, भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से भाग लिया। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम नई दिल्ली में भीम सभागार, डॉ अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (डीएआईसी) से मंत्रालय द्वारा लाइवस्ट्रीम किया गया ।इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों के साथ संवाद और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक प्रतिज्ञा शामिल थी। संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की। लाइवस्ट्रीम को कॉलेज के 200 से अधिक एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थियों ने देखा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य एनसीसी कैडेटों, वाडा सदस्यों और अन्य छात्र स्वयंसेवकों को मादक द्रव्यों के सेवन से मुक्त एक स्थायी दुनिया के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उनके प्रयासों को दिशा देना था।
प्रधानाचार्या डॉ. निशा भार्गव ने कहा कि युवाओं को नशीली दवाओं के खतरनाक प्रभावों से अवगत कराने और युवाओं में एनसीसी के व्यापक प्रभाव को पहचानने की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए, नशीली दवाओं के खतरे से लड़ने में एनसीसी कैडेटों की हर क्षण सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में एनसीसी कैडेटों की भागीदारी मददगार साबित होगी।





















