
एनआरआई सभा की कमान पहली बार महिला के हाथ में, मिला भारी बहुमत
चंडीगढ, 6 जनवरी (विश्ववार्ता) एनआरआई सभा की कमान पहली बार महिला के हाथ में होगी। संपन्न चुनाव में परविंदर कौर बंगा ने पूर्व प्रधान जसबीर सिंह गिल को करारी शिकस्त दी है। जालंधर में एनआरआई सभा के चुनाव हुए जिसकी वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली। इसका नतीजा शाम 6 बजे आ गया है, जिसमें एनआरआई सभा पंजाब को आज नया अध्यक्ष मिल गया है।जानकारी के अनुसार मैडम परविंदर कौर बंगा ने चुनाव जीत लिया है, जिसके चलते वह पहली उम्मीदवार हैं जो एनआरआई सभा की प्रधान बनी है।
परविंदर कौर बंगा मूल रूप से होशियारपुर की हैं। शाम को छह बजे जैसे ही परविंदर कौर बंगा के जीत की घोषणा हुई तो कुछ क्षण बाद ही पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, सांसद सुशील रिंकू, पंजाब वेयर हाउस कारपोरेशन की चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाड़ा व नकोदर की विधायक इंदरजीत कौर मान एनआरआई सभा के कार्यालय पहुंचे और परविंदर कौर बंगा को बधाई दी।
यहां बता दें कि एनआरआई सभा पंजाब के कुल वोट 23600 के करीब हैं। एनआरआई इन वोटों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। पिछली बार भी बहुत कम वोट पड़े थे। इससे पहले आज सुबह सदस्यों के पहुंचने पर असमंजस की स्थिति बनी रही, वर्ष 2018 में एनआरआई सभा में करीब 450 नए सदस्य जुड़े हैं। वर्ष 2018 के बाद अपना आई कार्ड रिन्यू कराने वाले 650 ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें वोट देने का अधिकार है। वर्तमान में सभा में लगभग 23600 सदस्य हैं। ज्यादातर सदस्यों के पास 2018 का पुराना आई कार्ड तो है लेकिन वोट देने का अधिकार नहीं है।





















