
एचएयू का दो दिवसीय कृषि मेला (खरीफ) कल से
चंडीगढ़, 11 सितम्बर – चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय,हिसार में 13 सितम्बर से शुरू हो रहे दो दिवसीय कृषि मेला (खरीफ) की तैयारियों की कुलपति प्रो. बी. आर. काम्बोज ने समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस बार कृषि मेला का मुख्य विषय कृषि में जल संरक्षण होगा।
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. बलवान सिंह मंडल ने बताया कि कृषि मेला में प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया जाएगा। मेले के दौरान आने वाले किसानों की खेतीबाड़ी संबंधी सभी समस्याओं के समाधान के लिए किसान गोष्ठियों का आयोजन होगा जिनमें विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक किसानों की कृषि व पशुपालन संबंधी समस्याओं का हल बताएंगे। इसके साथ वे फसलों, बीजों, किस्मों व अन्य सभी उपयोगी जानकारियां मुहैया करवाएंगे। आगंतुक किसानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई खरीफ फसलें व उनमें प्रयोग की गई प्रौद्योगिकी की जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा मेले में कृषि संबंधी व कृषि औद्योगिकी प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी जिससे किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों व तकनीकों की जानकारी मिल सकेगी। इस प्रदर्शनी में ‘स्वालंबी भारत – आत्मनिर्भर किसान’ पैवेलियन होगा जिसमें हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से प्रशिक्षण लेकर अपना व्यवसाय शुरू करने वाले किसान अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।
उन्होंने यह भी बताय कि गेंहू की डब्ल्यू. एच.-1270, 1105, 711, 1124, 1142 व 1184, गेहूं की ही एच.डी.-2967, 3086 व 3226, गेहूं की डी.बी.डब्ल्यू. 222 व 303 किस्मों, सरसों की आर.एच.-725,30 व 749 किस्मों, जौ की बी. एच.-393, चने की एच.सी.-1, 5 व 7 किस्मों का आधार (फाउंडेशन) व प्रमाणित (सर्टिफाइड) बीज उपलब्ध होगा। बीज की खरीद के लिए किसानों को अपने साथ आधार कार्ड अवश्य लेकर आना होगा।






















