
उद्योगपति मुकेश अंबानी के बाद अब देश के इस मशहूर उद्योगपति को मिली जान से मारने की धमकी
मुंबई पुलिस के हाथ-पांव फूले, फटाफट एक्शन में आई
चंडीगढ, 17 दिसंबर (विश्ववार्ता) देश के मशहूर उद्योगपति और टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा को जान से मारने की धमकी मिली है। रिपोट्र्स के अनुसार, मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में एक धमकी भरा कॉल आया। जिसमें पुलिस से रतन टाटा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया। धमकी देने वाले ने आगे कहा कि, रतन टाटा का हश्र टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री जैसा ही होगा। ध्यान रहे कि, प्रसिद्ध उद्योगपति मिस्त्री की 4 सितंबर, 2022 को एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।
रतन टाटा को जान से मारने की धमकी मिलने पर मुंबई पुलिस के हाथ-पांव फूल गए थे। मुंबई पुलिस ने बिना देरी किए धमके देने वाले को तलाशना शुरू कर दिया। मुंबई पुलिस ने इतनी तेजी दिखाई कि वह कुछ घंटों के अंदर ही धमकाने वाले के पास पहुंच गई। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। बताया जा रहा है कि, रतन टाटा को जिस व्यक्ति ने मारने की धमकी दी वह व्यक्ति सिज़ोफ्रेनिया बीमारी से पीडि़त है।
मुकेश अंबानी को कई बार मिल चुकी धमकी
देश के नामी उद्योगपति मुकेश अंबानी को भी कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। अभी पिछले दिनों ही मुकेश अंबानी से पैसों की डिमांड करते हुए जान से मारने की बात कही गई थी। हालांकि, पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।





















