
उत्तर भारत के राज्यों में अभी कड़ाके की सर्दी से राहत नही
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में आज कोल्ड वेव का अलर्ट
चंडीगढ़, 27 जनवरी (विश्ववार्ता) समूचा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी से कांप रहा है पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में आज कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। आज भी यहां सर्दी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है।
उधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी ठंड उत्तर भारत के राज्यों की तरह ही बनी हुई है। इन राज्यों के कुछ जिलों में तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से 2-4 डिग्री कम है। रूक्क के खजुराहो में 3.4 डिग्री और राजस्थान के टोंक में 6 डिग्री तक तापमान पहुंचने से यहां ठिठुरन बढ़ी। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों में यहां तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक ए.के. सिंह ने मौसम को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को धूप निकलने का मतलब यह नहीं है कि मौसम साफ हो गया है। पूर्वानुमान को देखते हुए अलर्ट बढ़ा दिया गया है। फिलहाल कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। खासकर 2 दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का रेड अलर्ट दिया गया है। साथ ही 3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी दिया गया है।
धूप निकलने के कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन यह स्थायी नहीं है और जल्द ही इसमें गिरावट आएगी। अफगानिस्तान से पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गई हैं लेकिन इसका चंडीगढ़ पर कोई असर नहीं होगा। पहाड़ों के ऊपरी हिस्से भी प्रभावित हो सकते हैं। 27 को अन्य पश्चिमी हवाएं भी सक्रिय दिख रही हैं। वे कितनी मजबूत होंगी, फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि गुरुवार को धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग ने 28 तारीख तक का अलर्ट दिया है। लंबे पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम में थोड़ी राहत मिली है। इस बीच दिन का तापमान 16 से 20 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री रहेगा।





















