
उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में शीतलहर से फिलहाल राहत नही
आज से 10 से अधिक राज्यों में तीन दिन बारिश के आसार
जानिये पंजाब में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम का हाल
चंडीगढ, 16 जनवरी (विश्ववार्ता) इस समय पूरा उत्तर भारत शीतलहर के प्रकोप मे है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल व सिक्किम के ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली में लगातार चौथे दिन पारा गिरकर 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, पंजाब के नवांशहर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री, हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं अगले 24 घंटों में यानी कि 16.1.24 (दोपहर 3.30 बजे) तक पंजाब के अधिकांश स्थानों पर घने कोहरे के साथ शीत दिवस की स्थिति होने की संभावना है। पंजाब एसडीएमए ने लोगों को ठंड से बचने के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है।
मौसम विभाग ने कहा कि कड़ाके की ठंड में बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। जितना संभव हो सके घर के अंदर ही रहें, कोहरे के दौरान यात्रा कम से कम करें और पर्याप्त सर्दी के कपड़े पहने। अगर आपको बुखार, सिरदर्द और सर्दी के साथ सांस लेने में दिक्कत महसूस हो तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। अंगीठी व हीटर का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें, क्योंकि इनसे आमतौर पर ऑक्सीजन की कमी हो जाती है।
घने कोहरे की वजह से दिल्ली में 400 से अधिक घरेलू, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें व 100 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं। 68 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि मार्ग बदलकर चार उड़ानों को जयपुर व एक को अहमदाबाद भेजा गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिन शीतलहर चलेगी। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को 16 जनवरी को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख में 16-17 जनवरी व उत्तराखंड में 17-18 जनवरी को कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व पूर्वोत्तर के राज्यों में भी कुछ जगह बारिश की संभावना है।























