
इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह को हाईकोर्ट से बड़ी राहत
चंडीगढ, 8 फरवरी (विश्ववार्ता) पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह को एक बड़ी राहत देते हुए ईडी के गिरफ्तारी और रिमांड आदेशों को रद्द कर दिया है।। दिलबाग सिंह ने हाईकोर्ट में अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए तुरंत रिहा करने का निर्देश जारी करने की अपील की थी।
ईडी की टीम ने छापेमारी के दौरान पूर्व विधायक की स्कॉर्पियो और लैंड क्रूजर गाड़ियों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन व बैंक खाते की डिटेल भी ली थी। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के करीबियों संजीव गुप्ता बिट्टा, चचेरे भाई गुरबाज संधू व रिश्तेदार इंद्रपाल उर्फ बब्बल के ठिकानों से पांच करोड़ रुपये, सोना, विदेशी हथियार, 294 गोलियां और विदेशी शराब की 138 बोतलें मिली थीं। दोनों पर सेक्शन 19 पीएमएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। बीती 19 जनवरी को ईडी ने दिलबाग सिंह के खिलाफ एक ओर मामला दर्ज किया था।
दिलबाग सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार करने के आदेश को रद्द करने की हाईकोर्ट से गुहार लगाई थी। याचिका के अनुसार हाईकोर्ट उसे तुरंत हिरासत से रिहा करने का निर्देश दें क्योंकि उसे हिरासत में रखना कानून और न्याय के लिए उचित नहीं है। ज्ञात रहे कि दिलबाग सिंह को कई दिन की कार्रवाई के बाद पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया था।





















