आम आदमी पार्टी के विधायक के परिवार पर हमला
चंडीगढ, 25 दिसंबर (विश्ववार्ता) जालंधर वेस्ट के विधानसभा से बड़ी खबर सामने आई है। बस्ती दानिशमंदा के पास वेस्ट से आप के MLA शीतल अंगुराल की गाड़ी पर शनिवार रात हमला हो गया। मोटरसाइकिलों पर आए पांच-छह युवकों ने उनकी कार घेरी और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। कार में शीतल के बेटा-बेटी, भाई और भाभी थी। जब विधायक का भाई लाली अंगुराल कार से बाहर आया तो उसे देखकर युवक भाग गए। विधायक ने रात ही शिकायत दे दी थी और अब घटना की सीसीटीवी भी सामने आ गई है।
पता चला है कि यह हमला लूट की नीयत से किया गया था, जिसके बाद आप विधायक शीतल अंगुराल ने खुद लुटेरों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया है तथा अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है।