
चंडीगढ, 28 जनवरी (विश्ववार्ता): आप के राज्यसभा सांसद व आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने 25 जनवरी 2023 को लंदन में एक पुरस्कार समारोह में प्रतिष्ठित “इंडिया यूके आउटस्टैंडिंग अचीवर” सम्मान प्राप्त किया। राघव चड्ढा को “सरकार और राजनीति” श्रेणी में “उत्कृष्ट उपलब्धि” के रूप में सम्मानित किया गया है । पुरस्कार प्राप्त करने पर राघव ने कहा, ”यह पुरस्कार किसी व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि एक साधारण पृष्ठभूमि से एक साधारण व्यक्ति द्वारा प्राप्त किया गया पुरस्कार है।
बता दें कि चड्ढा ने प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) से पढ़ाई की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लंदन में एक बुटीक वेल्थ मैनेजमेंट फर्म की स्थापना की। इसके बाद वे भारत लौट आए और एक युवा कार्यकर्ता के रूप में भ्रष्टाचार विरोधी कानून की मांग करते हुए इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट में शामिल हो गए। एक साल के अंदर चड्ढा को यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है। पिछले साल, उन्हें प्रतिष्ठित विश्व आर्थिक मंच द्वारा यंग ग्लोबल लीडर के रूप में सम्मानित किया गया था।























