
‘आप‘ का अकाली दल पर जोरदार पलटवार
कहा-सीएम भगवंत मान हैं पंजाब के सच्चे संरक्षक, अकाली दल के बनाये माफिया को कर रहे हैं जड़ से खत्म
–बादलों ने पंजाब को नजरअंदाज कर सिर्फ परिवारवाद को ही बढ़ावा दिया: मलविंदर सिंह कंग
–मान सरकार के सात महीने के कामकाज से पंजाब के लोग हैं बेहद खुश:मलविंदर सिंह कंग
चंडीगढ़, 28 अक्टूबर आम आदमी पार्टी ने मान सरकार के कामकाज पर बेबुनियाद सवाल उठाने के लिए शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते कहा कि अकाली दल (बादल) ने पंजाब के हितों को अनदेखा कर सिर्फ परिवारवाद को ही बढ़ावा दिया।
शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार राज्य से राजनीतिक गंदगी और माफिया को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही है, जिसे अकाली दल ने अपने 10 साल के लंबे शासन के दौरान संरक्षण दिया और नौजवानों के भविष्य तबाह किया।
शिअद नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा पर निशाना साधते हुए कंग ने कहा कि सीएम मान पंजाब के सच्चे संरक्षक हैं।
उनके और अन्य अकाली नेताओं के विपरीत,मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार राज्य के खोए हुए गौरव को वापस लाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने पंजाब के हितों की अनदेखी कर हमेशा परिवारवाद को बढ़ावा दिया और दशकों तक कांग्रेस के साथ ‘ फ्रेंडली मैच‘ खेल अपनी सम्पत्ति बनाई। लेकिन अब आप सरकार ने भ्रष्ट नेताओं पर अपनी सांठगांठ और व्हिप का पर्दाफाश कर दिया है, यही कारण है कि वे ओछी राजनीति कर रहे हैं और आप सरकार के खिलाफ अपमानजनक आरोप लगा रहे हैं।
कंग ने कहा कि अकाली दल जो सालों से भाजपा का सहयोगी रहा है, अब आप पर भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगा रहा है। दरअसल, अकाली दल अब इस बात से बेखबर है कि उनका असली चेहरा पंजाबियों के सामने पहले ही बेनकाब हो चुका है। अब उन्हें अपने गुनाहों की कीमत चुकानी पड़ेगी.
उन्होंने कहा कि बादल परिवार ने कृषि कानून बनाने में योगदान दिया था, जिसके कारण केंद्र के खिलाफ साल भर के विरोध के दौरान 700 से अधिक किसानों की मृत्यु हुई थी। अकाली दल ने भाजपा के सहयोगी के रूप में हमेशा पंजाब के हितों के खिलाफ काम किया है और राज्य को कमजोर किया है।
नशा तस्करों को भी अकाली नेताओं ने संरक्षण दिया और युवाओ को नशे के जाल में फंसाया। अब राज्य सीएम मान के सुरक्षित हाथों में है और पंजाब के लोग आप सरकार के सात महीने के काम से बेहद खुश हैं।





















