
आज से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
11 दिन पूर्वोत्तर के पांच राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा
चंडीगढ, 14 जनवरी (विश्ववार्ता) राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज हिंसा प्रभावित मणिपुर से शुरू हो रही है। इसे लोकसभा चुनावों से पहले बेरोजगारी, मूल्य वृद्धि और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर ध्यान लोगों का केंद्रित करने की पार्टी की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
यात्रा को रविवार को थौबल जिले के खोंगजोम इलाके में एक निजी मैदान से हरी झंडी दिखाई जाएगी और यहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के शीर्ष नेता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर कुछ प्रतिबंध भी लगाए गए हैं, जैसे कार्यक्रम एक घंटे से अधिक नहीं होना चाहिए और प्रतिभागियों की संख्या अधिकतम 3000 होनी चाहिए।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी हर दिन दो सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह हर दिन समाज के विभिन्न वर्गों के 20 से 25 लोगों से मिलेंगे। वह सामाजिक संगठनों के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अगले 11 दिनों के दौरान यात्रा पूर्वोत्तर के पांच राज्यों से होकर गुजरेगी। 23 जनवरी को राहुल गांधी घोषणापत्र के सिलसिले में गुवाहाटी में लोगों से जनसंवाद करेंगे। कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अपने सहयोगी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है और उसे उम्मीद है कि विभिन्न राज्यों में इस गठबंधन से जुड़े दलों के प्रमुख नेता यात्रा का हिस्सा बनेंगे। रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं को यात्रा में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया





















