
आज सदियों की प्रतीक्षा होगी पूरी कुछ पलों का और इंतजार आने वाले हैं प्रभु श्री राम
पीएम मोदी अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में लेंगे भाग
शाम में होगा दीप प्रज्वलन
चंडीगढ, 22 जनवरी (विश्ववार्ता) बस कुछ पलों और इंतजार, रामलला के स्वागत के लिए तैयार है अयोध्या धाम। राम भक्तों को वर्षों से जिस पल का इंतजार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर के आसपास अयोध्या में नवनिर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी।
पीएमओ द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश के सभी प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक संप्रदायों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बयान में कहा गया है कि विभिन्न आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग भी समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री को अक्टूबर, 2023 में श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के लिए निमंत्रण मिला था। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण से जुड़े श्रमजीवियों के साथ बातचीत करेंगे। वह कुबेर टीला भी जाएंगे, जहां एक प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। मोदी पुनर्निर्मित मंदिर में पूजा और दर्शन भी करेंगे।
। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह दोपहर 12.20 बजे शुरू होगा और दोपहर एक बजे तक उसके पूरा होने की संभावना है। इसके बाद प्रधानमंत्री आयोजन स्थल पर संतों और प्रतिष्ठित शख्सियतों समेत 7,000 से अधिक लोगों की सभा को संबोधित करेंगे। लाखों लोगों के इस कार्यक्रम को टेलीविजन और ऑनलाइन मंचों पर सीधा प्रसारण देखने की उम्मीद है। इसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों और ओडिशा ने एक दिन के अवकाश की घोषणा की है जबकि केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का एलान किया है।
प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पूर्ण होने के उपरांत ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित कर दीपावली मनाई जाएगी। शाम को अयोध्या 10 लाख दीपों से जगमगाएगी। इसके साथ ही मकानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और पौराणिक स्थलों पर ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित की जाएगी। अयोध्या सरयू नदी के तटों की मिट्टी से बने दीपों से रोशन होगी। रामलला, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, सरयू तट, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास छावनी समेत 100 मंदिरों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।





















