
आज रंगों के पर्व होली की धूम
देशभर में अलग-अलग तरीकों से धूमधाम से मनाई जा रही है होली
चंडीगढ़, 25 मार्च (विश्ववार्ता) आज रंगों के पर्व होली की धूम है। चारों ओर इस त्योहार को लोग मना रहे हैं। इसी बीच ओडिशा में सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने खूबसूरत अंदाज में होली की शुभकामनाएं दी है। आर्टिस्ट ने इसके लिए पुरी में रेत से एक सुंदर कलाकृति बनाई है।
इसके पहले सुबह से ही छोटी होली के अवसर पर एक-दूसरे को गुलाल लगाते बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जबकि घरों से गुजिया, पापड़, बड़े, नमकीन, मिठाई समेत अन्य पकवान के बनने की खुशबू आ रही थी। किसी-किसी घर में तो शाम तक पापड़ छतों पर सुखाए जा रहे थे। आते-जाते लोगों के साथ फोन के माध्यम से परिचितों, परिवार और दोस्तों को होली की बधाई देने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। देर रात तक पिचकारी, गुलाल, रंग, होली वाले टीशर्ट, बैंड, नकली बाल समेत अन्य की खरीदारी में लोग बाजारों में उमड़े रहे। गुजिया, मठरी व नमकीन के साथ अन्य खाने-पीने के सामानों की भी खरीदारी होती रही। इसी तरह परिधान व जूते की दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़े तक अपनी पसंद के कपड़े और जूते, सैंडल खरीदते देखे गए।






















